जिला अस्पताल के पीछे कचरे का अंबार, स्वच्छता के दावों पर उठे सवाल

नीमच। शहर में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भले ही बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हों, लेकिन जिला अस्पताल क्षेत्र की तस्वीर इन दावों पर सवाल खड़े करती नजर आ रही है। जिला अस्पताल रोड से फ्रूट मंडी की ओर जाने वाले मार्ग पर अस्पताल परिसर के पीछे बने कचरा पॉइंट पर गंदगी का अंबार लगा हुआ है। एक ओर जिला अस्पताल और पीएम श्री क्रिटिकल केयर ब्लॉक है, तो दूसरी ओर सब्जी एवं फ्रूट मंडी क्षेत्र। इनके बीच सडक़ किनारे जमा कचरा राहगीरों, दुकानदारों, मरीजों और उनके परिजनों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है।

अस्पताल के पास कचरा, स्वास्थ्य को लेकर चिंता

जिला अस्पताल और क्रिटिकल केयर सेंटर जैसे संवेदनशील स्वास्थ्य संस्थानों के समीप कचरा जमा होने से स्थानीय लोगों में चिंता है। यहां रोजाना बड़ी संख्या में मरीज, उनके परिजन और आम नागरिक आते-जाते हैं। लोगों का कहना है कि कचरे से उठने वाली दुर्गंध और गंदगी के कारण आसपास का वातावरण प्रभावित हो रहा है।

लंबे समय से बनी है समस्या

स्थानीय निवासी इरफान ने बताया कि लंबे समय से यहां कचरा जमा होने की समस्या बनी हुई है। कचरा उठाने के बाद कुछ ही समय में लोग दोबारा यहां कचरा डालना शुरू कर देते हैं। उन्होंने कचरा पॉइंट को यहां से हटाने और खुले में कचरा डालने पर रोक लगाने की मांग की।

स्थानीय निवासी मोहम्मद अख्तर ने कहा कि कचरे के कारण रहवासियों के साथ राहगीरों को भी परेशानी होती है। उनका कहना है कि कई बार रात के समय भी सडक़ किनारे कचरा डाल दिया जाता है, जिसके बाद आवारा पशु यहां पहुंच जाते हैं और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

दुकानदार बोले- दुकान साफ करें या कचरा

पीएम श्री क्रिटिकल केयर ब्लॉक के समीप दुकान संचालित करने वाले मोहम्मद उस्मान ने बताया कि यहां दो कचरा पॉइंट बने हुए हैं। हवा के साथ कचरा उडक़र दुकानों तक पहुंच जाता है। उन्होंने कहा कि दुकान की सफाई से अधिक समय कचरा साफ करने में लग जाता है। पूर्व में अधिकारियों को भी समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो सका।

कचरे में आग लगाने से धुआं फैलने की शिकायत

दुकानदार त्रिलोक पाल ने कहा कि एक ओर सब्जी मंडी और दूसरी ओर अस्पताल है तथा बीच में कचरा पॉइंट बना हुआ है। यह व्यस्त मार्ग है, जहां दिनभर बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। उन्होंने बताया कि कई बार कचरे में आग लगा दी जाती है, जिससे धुआं आसपास फैलता है और लोगों को परेशानी होती है। उन्होंने नियमित सफाई और कचरा पॉइंट को व्यवस्थित करने की मांग की।

प्लास्टिक खाने को मजबूर आवारा पशु

स्थानीय महिला देवी ने बताया कि लोग कचरा डालकर चले जाते हैं और उसमें मौजूद प्लास्टिक आवारा पशु खा लेते हैं। लोगों का कहना है कि कचरा संग्रहण वाहन दिन में एक बार कचरा उठाता है, लेकिन इसके बाद दोबारा कचरा डालने का सिलसिला शुरू हो जाता है और कुछ ही घंटों में फिर कचरे का ढेर लग जाता है।

अस्पताल और मंडी क्षेत्र में रहती है भारी आवाजाही

जिला अस्पताल, पीएम श्री क्रिटिकल केयर ब्लॉक, सब्जी मंडी और फ्रूट मार्केट होने के कारण इस मार्ग पर दिनभर बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। मरीजों और उनके परिजनों के साथ दुकानदार, व्यापारी, कर्मचारी और राहगीर भी इस मार्ग का उपयोग करते हैं। ऐसे में लोगों का कहना है कि इतने संवेदनशील और व्यस्त क्षेत्र में खुले कचरे का जमावड़ा उचित नहीं है।

स्थायी समाधान की मांग

रहवासियों और दुकानदारों ने नगर पालिका प्रशासन एवं जिला अस्पताल प्रशासन से संयुक्त रूप से स्थल का निरीक्षण कर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। लोगों का सुझाव है कि अस्पताल के पीछे बने कचरा पॉइंट को हटाकर किसी उपयुक्त स्थान पर व्यवस्थित कचरा संग्रहण केंद्र बनाया जाए। साथ ही नियमित सफाई, समय पर कचरा उठाने और खुले में कचरा फेंकने वालों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

लोगों का कहना है कि स्वच्छता केवल अभियान और प्रचार तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि अस्पताल जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में इसका असर जमीन पर भी दिखाई देना चाहिए। मरीजों के स्वास्थ्य और आमजन की सुविधा को देखते हुए इस समस्या का शीघ्र समाधान जरूरी है।

Next Post

300 किलोमीटर की पैदल यात्रा पर निकले 50 कावडिय़े

Sun Aug 9 , 2026
  सुसनेर, सावन माह के पवित्र रविवार को रिमझिम बारिश के बीच सुसनेर नगर में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला. मेला ग्राउंड स्थित नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर से बोल बम कावड़ यात्रा संघ के तत्वावधान में बोल बम की 22वीं कावड़ यात्रा दोपहर 12 बजे विधिवत पूजा-अर्चना […]

You May Like