नवीन बस स्टैण्ड का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

सीधी: कलेक्टर विकास मिश्रा ने नवीन बस स्टैण्ड का निरीक्षण कर वहां संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्रियों एवं आम नागरिकों की सुविधा फुटकर व्यापारियों के व्यवस्थित पुनर्वास तथा आपातकालीन सेवाओं की जानकारी को सुगम बनाने के संबंध में नगर पालिका परिषद को आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर ने नवीन बस स्टैण्ड परिसर में यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यकतानुसार दिशा-सूचक एवं सूचना संबंधी साइनेज बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि साइनेज बोर्ड पर बसों के आवागमन, प्लेटफॉर्म, प्रवेश-निकास, पार्किंग, शौंचालय, पेयजल, टिकट काउंटर सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्पष्ट जानकारी प्रदर्शित की जाए, जिससे यात्रियों को परिसर में आवागमन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने बस स्टैण्ड परिसर में फुटकर व्यापारियों एवं ठेला व्यवसायियों के लिए चिन्हित स्थलों पर नियमानुसार स्थान
आवंटित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि फुटकर व्यापारियों की गतिविधियों से यात्रियों के आवागमन, बसों के संचालन एवं यातायात व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। इसके लिए निर्धारित स्थानों पर व्यवस्थित रूप से व्यवसाय संचालन सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बस स्टैण्ड परिसर में प्रदर्शित आपातकालीन संपर्क नंबर के बोर्ड का आकार बढ़ाकर उसे पर्याप्त बड़ा एवं स्पष्ट करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बस स्टैण्ड परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग तथा यात्रियों के लिए उपलब्ध अन्य मूलभूत सुविधाओं की नियमित निगरानी
सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नवीन बस स्टैंड में व्यवस्थाएं यात्रियों की सुविधा और सुचारु यातायात को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थित रूप से संचालित हों। उल्लेखनीय है कि 1 अक्टूबर से पुराने बस स्टैंड का संचालन बंद कर वहां से संचालित बसों का भी नवीन बस स्टैंड से संचालन प्रारंभ किया गया है। पुराने बस स्टैंड क्षेत्र को अस्थायी रूप से श्रमिक चौक के रूप में उपयोग किए जाने की व्यवस्था की गई है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम गोपद बनास प्रिया पाठक, तहसीलदार राकेश शुक्ला, सीएमओ महमूद हसन सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Post

लहार में गोली चली, विक्कू राजावत घायल

Mon Oct 5 , 2026
भिंड: लहार में गोली चली है जिसमें भीकमपुरा निवासी विक्कू राजावत नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है जिसे इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है। Facebook Share on X LinkedIn WhatsApp Email Copy Link

You May Like