
दतिया। दतिया में बहन के घर से लौट रहे एक युवक को रास्ते में रोककर गोली मार दी गई। गोराघाट थाना क्षेत्र में गौरा और भदोंना गांव के बीच पुरानी रंजिश के चलते हुई। गोली युवक की पिंडली को चीरते हुए आर-पार निकल गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।
घायल युवक की पहचान अरविन्द रावत (35) पुत्र नारायण सिंह रावत, निवासी ग्राम गौरा के रूप में हुई है। अरविन्द्र मंगलवार को भरसुला गांव में अपनी बहन के घर गया था। वहां से मिलने के बाद वह अपने गांव गौरा लौट रहा था। इसी दौरान गौरा और भदोंना गांव के बीच सुनसान रास्ते पर अचानक एक कार आकर रुकी।
कार में अब्बू रावत अपने कुछ साथियों के साथ सवार था। अरविन्द्र के मुताबिक, अब्बू ने उसे देखते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद दोनों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ने पर अब्बू ने उस पर फायर कर दिया। गोली सीधे अरविन्द्र की पिंडली में लगी और पैर को आर-पार करते हुए निकल गई। गोली लगने से वह जमीन पर गिर पड़ा और घायल हो गया।
वारदात के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गए। कुछ देर तक अरविन्द्र सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा रहा। इसी दौरान वहां से गुजर रहे लोगों ने उसे देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गोराघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उसका इलाज जारी है। गोली पैर के आर-पार निकल गई, लेकिन समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच गई।
