
बुधनी।नगर में आज अज्ञात महिला द्वारा दो बच्चों के अगवा होने की खबर सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गई. जानकारी पुलिस को मिली. निजी स्कूल प्रबंधन को अवगत कराया गया. सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए जिसमें एक महिला बाइक सवार युवक के साथ दोनों बच्चों को बाइक पर बैठाकर जाती दिखी. पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि दोनों बच्चों को अगवा करने वाली महिला ओर कोई नहीं बच्चों की मां निकली.
जानकारी अनुसार नगर के ओरिएंटल पब्लिक स्कूल में पढऩे वाले दो बच्चे उम्र 7 साल एवं उम्र 5 साल वृंदावन कालोनी में अपने दादा-दादी के साथ रहते हैं. सोमवार को स्कूल में परीक्षा खत्म होने पर बच्चे स्कूल बस से घर के पास उतरे. जहां पहले से मौजूद महिला ने दोनों बच्चों को अपने साथ बाइक पर आए युवक के साथ बाइक पर बैठाकर चली गई. मामले की जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हड़कंप मच गया. पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर स्कूल प्रबंधन द्वारा पुलिस को बताया कि आज सुबह कऱीब 9 बजे दोनों बच्चों की मां नीरज पुरी उर्फ नीतू बच्चों को ले जाने के लिए आई थी. स्कूल प्रबंधन ने पिता की अनुमति के बिना बच्चों को देने से मना कर दिया. इसके बाद महिला चली गई थी. बच्चे जब घर के सामने स्कूल बस से उतरे तो वहां पहले से मौजूद महिला दोनों बच्चों को साथ लेकर चली गई. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी थानों को सूचित किया.नतीजतन मां और बच्चों को बिलकिसगंज पुलिस ने बाइक सवार युवक सहित पकड़ा और बुधनी पुलिस को सूचना दी. थाना प्रभारी चैन सिंह रघुवंशी बिलकिसगंज थाने पहुंच गए थे.
उन्होंने बताया कि महिला दोनों बच्चों को अपने साथ रखना चाहती थी. इसलिए दोनों बच्चों को लेकर गई थी. पिछले कुछ समय से महिला शंभू पिता मदन गिरी उम्र 30 साल उम्र 30 बर्ष कित्तूखेड़ी तहसील नारायणगढ़ जिला मंदसौर के साथ रह रही थी. ओर दोनों वहीं से बच्चों को लेने आए थे. इस मामले में महिला और उसके साथी के खिलाफ 137,(2)(3)(5) के तहत मामला दर्ज किया है.
पति- पत्नी के बीच चल रही कई दिन से अनबन
बच्चों की दादी शारदा बाई ने बताया कि बच्चों का पिता मुकेशपुरी गोस्वामी टिगरिया ग्राम जिला नर्मदापुरम में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रहता था. कुछ समय पूर्व पारिवारिक अनबन के कारण मामला बैतूल न्यायालय में विचाराधीन है. न्यायालय ने बच्चों की रजामंदी से परवरिश की जिम्मेदारी पिता को सौंपी थी. इसके बाद दोनों बच्चे दादा दादी के पास रह रहे थे.
