
नीमच। जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और विक्रय के खिलाफ आबकारी विभाग ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी हिमांशु चंद्रा के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के सहयोग से 11 सितंबर को अलसुबह आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने वृत्त नीमच पश्चिम के ग्राम धामनिया पठारी, धामनिया जागीर, माताजी का खेड़ा और रामनगर सहित विभिन्न स्थानों पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान टीम ने अवैध रूप से तैयार की जा रही हाथ भट्टी मदिरा के लिए रखा करीब 850 किलोग्राम महुआ लहान तथा 27 लीटर हाथ भट्टी मदिरा बरामद की। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य 91 हजार 750 रुपए बताया गया है।
मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल 5 प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिए गए हैं।
कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी बी.एल. दांगी के मार्गदर्शन तथा कंट्रोलर एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी बी.एल. सिंगाड़ा के नेतृत्व में की गई। टीम में आबकारी उपनिरीक्षक दीपक आंजना, संजय कंवारे, पंकज राठौर और संजय राठौर सहित पुलिस एवं आबकारी विभाग का अमला शामिल रहा।
पुलिस विभाग की ओर से पुलिस उपनिरीक्षक श्रवण सिंह, धारा सिंह सोलंकी, आरक्षक रवि पाटीदार एवं दिलीप धनगर तथा आबकारी अमले से मुख्य आरक्षक गोपाल शर्मा, आरक्षक विष्णु यादव, महेश गहलोत, बलवंत भाटी, हंसराज बिलवाल, निशा राजपूत एवं मधुमिता मालवीय ने कार्रवाई में सहभागिता की।
अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के खिलाफ आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
