300 किलोमीटर की पैदल यात्रा पर निकले 50 कावडिय़े

 

सुसनेर, सावन माह के पवित्र रविवार को रिमझिम बारिश के बीच सुसनेर नगर में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला. मेला ग्राउंड स्थित नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर से बोल बम कावड़ यात्रा संघ के तत्वावधान में बोल बम की 22वीं कावड़ यात्रा दोपहर 12 बजे विधिवत पूजा-अर्चना के बाद ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के लिए रवाना हुई. यात्रा में करीब 50 कावडिय़े शामिल हुए, जो लगभग 300 किलोमीटर की दूरी पैदल तय करेंगे.

यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व कावडिय़ों एवं श्रद्धालुओं ने नीलकंठेश्वर महादेव का पूजन-अभिषेक कर भगवान भोलेनाथ से यात्रा की सफलता और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की. इसके बाद कावडिय़ों ने कंधों पर आकर्षक एवं सुसज्जित कावड़ धारण की और बोल बम, हर-हर महादेव के जयघोष के साथ यात्रा का शुभारंभ किया. कांवड़ यात्रा जैसे ही नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी. पूरा वातावरण शिवमय हो गया. कावडिय़ों के साथ चल रहे श्रद्धालु बोल बम और हर-हर महादेव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े. कावडिय़ों की आकर्षक कावड़ और भक्ति से ओतप्रोत माहौल नगरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा. मार्ग में जगह-जगह नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं ने कावडिय़ों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और उनका उत्साह बढ़ाया. रिमझिम बारिश के बावजूद कावडिय़ों और श्रद्धालुओं में उत्साह कम नहीं हुआ. यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल भी तैनात रहा, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ सके.

 

ओंकारेश्वर में करेंगे जलाभिषेक

 

यात्रा में शामिल कावडिय़े करीब 300 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी कर ओंकारेश्वर पहुंचेंगे. यात्रा के दौरान कावड़ में ले जाए जा रहे पवित्र जल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा. कावड़ यात्रा के माध्यम से क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की जाएगी. 22वीं कावड़ यात्रा के रवाना होने के साथ ही सुसनेर नगर एक बार फिर शिवभक्ति के रंग में रंग गया. सावन के महीने में निकली यह धार्मिक यात्रा श्रद्धा, आस्था और सनातन परंपरा का जीवंत उदाहरण बनी.

Next Post

उप मुख्यमंत्री शुक्ल उद्घाटन उड़ान में बने सहयात्री

Sun Aug 9 , 2026
रीवा,  रीवा एयरपोर्ट से 9 अगस्त को रीवा से भोपाल तथा रीवा से कोलकाता हवाई सेवाएं शुरू हुईं। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने रीवा से भोपाल हवाई सेवा का शुभारंभ किया। उप मुख्यमंत्री स्वयं भोपाल जाने वाली फ्लाइट से यात्रियों के साथ सहयात्री बनकर भोपाल रवाना हुए। उप मुख्यमंत्री […]

You May Like