भैया दूज पर बहनों ने भाइयों को लगाया तिलक, मांगी लंबी उम्र की कामना

सिंगरौली। भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक भैया दूज का पर्व सिंगरौली जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में त्योहार की रौनक देखने को मिली। बहनों ने पूजा-अर्चना कर अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाया, आरती उतारी और मिठाई खिलाकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की।
वहीं भाइयों ने भी अपनी बहनों को उपहार भेंट किए और उनके प्रति प्रेम और सम्मान जताया। शहर से लेकर गांवों तक त्योहार की खुशियां देखने को मिलीं।

कई बहनों ने भाइयों को घर बुलाकर पूजा की और उन्हें भोजन कराया। जो भाई दूसरे शहरों में रहते हैं, उनसे बहनों ने फोन और वीडियो कॉल के जरिए शुभकामनाएं साझा कीं।ग्राम खटाई में भी भैया दूज का पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यह पर्व यमराज और उनकी बहन यमुना के पवित्र रिश्ते से जुड़ा है। मान्यता है कि इस दिन बहन के हाथों तिलक करवाने वाले भाई को सुख-समृद्धि और लंबी उम्र का आशीर्वाद मिलता है।
भैया दूज का यह पर्व भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम, विश्वास और अपनत्व को मजबूत करने का संदेश देता है।

Next Post

छठ पर्व पर भोपाल रेल मंडल अलर्ट, 6 स्टेशनों पर CCTV से निगरानी; स्पेशल ट्रेन भी चलाई

Thu Nov 12 , 2026
भोपाल: छठ पर्व के चलते भोपाल रेल मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए विशेष निगरानी और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था की गई है। भोपाल, रानी कमलापति (RKMP), इटारसी, बीना, विदिशा और नर्मदापुरम रेलवे स्टेशनों पर CCTV कैमरों के जरिए यात्रियों की आवाजाही पर […]

You May Like