भोपाल: छठ पर्व के चलते भोपाल रेल मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए विशेष निगरानी और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था की गई है। भोपाल, रानी कमलापति (RKMP), इटारसी, बीना, विदिशा और नर्मदापुरम रेलवे स्टेशनों पर CCTV कैमरों के जरिए यात्रियों की आवाजाही पर नजर रखी जा रही है। कंट्रोल रूम से मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर संबंधित अधिकारी और स्टेशन प्रबंधन आपसी समन्वय से व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। प्लेटफॉर्म और सर्कुलेटिंग एरिया में भीड़ प्रबंधन, यात्रियों को जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने और संभावित असुविधाओं को समय रहते दूर करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सीनियर DCM सौरभ कटारिया ने बताया कि छठ पर्व के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
वहीं, दीपावली और छठ पर्व पर अतिरिक्त यात्री भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन द्वारा विशेष ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं। दक्षिण मध्य रेलवे द्वारा यशवंतपुर और योग नगरी ऋषिकेश के बीच एक-एक फेरे की एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन संचालित की जा रही है। गाड़ी संख्या 06597 यशवंतपुर-योग नगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस स्पेशल 12 नवंबर को सुबह 7 बजे यशवंतपुर से रवाना होकर 14 नवंबर को सुबह 10:15 बजे ऋषिकेश पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 06598 योग नगरी ऋषिकेश-यशवंतपुर एक्सप्रेस स्पेशल 14 नवंबर को शाम 5:55 बजे रवाना होकर 16 नवंबर को शाम 7:45 बजे यशवंतपुर पहुंचेगी।
भोपाल रेल मंडल के अंतर्गत यह ट्रेन 13 नवंबर को भोपाल स्टेशन पर दोपहर 2 बजे पहुंचेगी और 2:10 बजे रवाना होगी। इसके बाद बीना स्टेशन पर शाम 4:40 बजे पहुंचेगी और 5 मिनट के ठहराव के बाद रवाना होगी। वापसी में 15 नवंबर को ट्रेन बीना स्टेशन पर सुबह 8:30 बजे पहुंचेगी और 8:35 बजे रवाना होगी। इसके बाद भोपाल स्टेशन पर सुबह 10:30 बजे पहुंचकर 10:40 बजे आगे के लिए रवाना होगी।
यह स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में यलहंका, हिंदूपुर, धर्मावरम, अनंतपुर, डोन, कर्नूलु सिटी, गदवाल, महबूबनगर, काचेगुडा, काजीपेट, बल्लारशाह, नागपुर, भोपाल, बीना, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ग्वालियर, आगरा कैंट, मथुरा जंक्शन, हजरत निजामुद्दीन, गाजियाबाद, मेरठ सिटी, मुजफ्फरनगर, टपरी, रुड़की और हरिद्वार स्टेशनों पर रुकेगी।
इधर, भोपाल में छठ पूजा की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। शहर के कुल 54 घाटों पर छठ पूजा होगी। नगर निगम की टीम घाटों की साफ-सफाई, रंगरोगन और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटी है
