नीमच: शहर की पुरानी कृषि उपज मंडी में मंगलवार को फसल बेचने आए किसान के टेम्पो से अलसी का कट्टा चोरी हो गया। किसान उड़द की तुलाई करवाने में व्यस्त था, तभी अज्ञात बदमाश टेम्पो में रखा 55.5 किलोग्राम अलसी का कट्टा लेकर फरार हो गए। घटना मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। जिसका वीडियो आज गुरुवार को फुटेज के आधार पर पुलिस संदिग्धों की तलाश कर रही है।
तुलाई में व्यस्त था किसान, कट्टा हुआ गायब
ग्राम थडोली निवासी राहुल राठौर (29), पिता राजमल राठौर, मंगलवार को ट्रैक्टर-टेम्पो लेकर अपनी उपज बेचने नीमच कृषि उपज मंडी पहुंचे थे। दोपहर करीब 3:15 बजे वे मंडी में उड़द की फसल की तुलाई करवा रहे थे। उनका टेम्पो पास ही खड़ा था, जिसमें उड़द के साथ अलसी का एक कट्टा भी रखा था।
तुलाई पूरी होने के बाद राहुल टेम्पो के पास पहुंचे तो अलसी का कट्टा गायब मिला। उन्होंने आसपास के किसानों और व्यापारियों से पूछताछ की, लेकिन कट्टे का पता नहीं चला।
कैमरे में कट्टा ले जाते दिखे तीन संदिग्ध
बुधवार रात मंडी परिसर के सीसीटीवी फुटेज सामने आए। इनमें तीन संदिग्ध टेम्पो के पास आते और अलसी का कट्टा उठाकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी है।
किसान ने बघाना थाने में की शिकायत
परेशान किसान राहुल ने बघाना थाने पहुंचकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दी। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर चोरी गया कट्टा बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
