कोलकाता, (वार्ता) पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के सभी विश्वविद्यालयों को दीक्षांत समारोहों में पश्चिमी गाउन पहनने की परंपरा को खत्म करने और केवल पारंपरिक भारतीय परिधान अपनाने के निर्देश दिये हैं।
भारतीय संस्कृति और विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जारी एक अधिसूचना में राज्य सरकार ने विश्वविद्यालय प्रशासन से दीक्षांत समारोहों के लिए स्वदेशी और हथकरघा (हैंडलूम) से बने परिधानों को शामिल करने को कहा है। यह अधिसूचना राज्य के सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को भेजी गयी है, जिसमें उनसे ‘गाउन संस्कृति’ को समाप्त करने के लिए कहा गया है।
अधिसूचना में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) द्वारा 2015, 2019 और 2024 में जारी उन निर्देशों का भी जिक्र किया गया है, जिनमें विश्वविद्यालयों को इस प्रथा को लागू करने की सलाह दी गयी थी।
बंगाल उच्च शिक्षा विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार दीक्षांत समारोहों में इस तरह के परिधान पहनना छात्रों के लिए अधिक आरामदायक होगा और यह भारतीय जलवायु के अनुकूल भी रहेगा। इससे देश की विरासत और स्वदेशी संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा, हथकरघा उद्योग को मजबूती मिलेगी और ग्रामीण भारत में बुनकरों के जीवन स्तर में सुधार होगा।
अधिसूचना में कहा गया है कि परिधानों के डिजाइन का निर्णय विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा लिया जायेगा। विश्वविद्यालय इस दिशा में अब तक उठाये गये कदमों का विवरण देते हुए एक अनुपालन रिपोर्ट तैयार करेंगे और उसे राज्य के उच्च शिक्षा विभाग को सौंपेंगे।
