कोलकाता, (वार्ता) पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकता में एक निजी अस्पताल में भर्ती भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक रेखा पात्रा की हालत स्थिर है, लेकिन उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है ।
जहर दिये जाने के संदेह में सुश्री पात्रा को शनिवार की रात पहले यहां हिंगलगंज के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें बशीरहाट सुपर स्पेशलिटी अस्पताल ले जाया गया। वहाँ भी स्थिति में कोई सुधार न होने पर, रविवार सुबह उन्हें यहां के एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। उनके रेफरल कार्ड के अनुसार, परिजनों ने बताया कि मरीज ने एक ज़हरीला “हर्बल लार्विसाइड” (कीड़ों के लार्वा को मारने वाला हर्बल पदार्थ) निगल लिया था।
डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति में ‘सकारात्मक’ सुधार हो रहा है। उनका इलाज कर रही तीन सदस्यीय मेडिकल टीम के अनुसार सोमवार को उन्हें वेंटिलेटर से हटा दिया गया था और तब से उन्हें किसी मैकेनिकल लाइफ सपोर्ट की ज़रूरत नहीं पड़ी है। अब वह बोलने में सक्षम हैं और अपनी शारीरिक तकलीफ के बारे में देखभाल करने वालों को बता सकती हैं।
भाजपा नेता अर्चना दास मजूमदार ने बताया कि सुश्री पात्रा की बोली, जो पहले लड़खड़ा रही थी, उसमें काफी सुधार आया है। फिर भी, मेडिकल टीम सावधानी बरत रही है और उन्हें कुछ समय तक निगरानी के लिए आईसीयू में ही रखने का फैसला किया गया है।
अस्पताल के सूत्रों के अनुसार सुश्री पात्रा के शरीर में ऑक्सीजन की कमी होने के कारण उन्हें अभी भी ऑक्सीजन दी जा रही है , हालांकि अन्य क्लिनिकल संकेतकों के आधार पर, डॉक्टरों का मानना है कि उनकी स्थिति में कुल मिलाकर ‘सकारात्मक’ सुधार हो रहा है। लेकिन चिंता की बात यह है कि जहर के असर से उनके मुंह में बहुत ज़्यादा लार जमा हो गयी है। चूंकि वह पूरी तरह होश में नहीं थीं, इसलिए यह लार उनके फेफड़ों में चली गयी। पहले हुए एक सीटी स्कैन से पता चला था कि इससे शरीर में ऑक्सीजन की आपूर्ति में बाधा आ रही थी।
इलाज कर रहे डॉक्टरों के अनुसार फेफड़ों तक ऑक्सीजन न पहुँच पाने का पूरा असर हमेशा तुरंत दिखाई नहीं देता; इसके लक्षण अक्सर बाद में सामने आते हैं। उनके ब्लड टेस्ट में किस तरह का ज़हर मिला है, इसे लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। मेडिकल टीम ने बताया कि उनके शरीर में मिले हर्बल-आधारित कीटनाशक के सटीक घटकों के बारे में अभी तक कुछ स्पष्ट नहीं है, क्योंकि उनके परिवार द्वारा बताये गये कंटेनर पर सामग्री की कोई सूची नहीं थी।
पुलिस सुश्री पात्रा के व्यवहार का असली कारण जानने के लिए कुछ लोगों से पूछताछ कर रही है। जरूरत पड़ने पर अस्पताल में भी उससे पूछताछ की जा सकती है।
