मुंबई, (वार्ता) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा-एसपी) विधायक रोहित पवार ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि वह किसानों से जुड़े इस मुद्दे को राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाना चाहते इसलिए शेगांव से नागपुर विधानसभा तक प्रस्तावित ट्रैक्टर मार्च के दौरान पार्टी के चुनाव चिह्न या झंडे का इस्तेमाल नहीं करेंगे।
श्री रोहित पवार ने कहा, “हम 04 दिसंबर को शेगांव से एक ट्रैक्टर मार्च निकालेंगे, जिसमें उन 13 मुद्दों को उठाया जायेगा जिनका जिक्र श्री शरद पवार ने हाल ही में मुख्यमंत्री को लिखे अपने पत्र में सूखे को लेकर किया है। यह मार्च 09 दिसंबर को नागपुर पहुंचेगा। हमने पार्टी के झंडे और चुनाव चिह्न का इस्तेमाल न करने का फैसला किया है, क्योंकि हम सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन करते हैं।” उन्होंने बताया कि इसी वजह से महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग(एमपीएससी) के उम्मीदवारों के आंदोलन के दौरान भी उनकी पार्टी ने अपने झंडे या चुनाव चिह्न का इस्तेमाल नहीं किया था। उन्होंने कहा, “पुणे में एमपीएससी का आंदोलन परीक्षा पेपर लीक होने के खिलाफ छात्रों का आंदोलन था। वहां हमने पार्टी के चुनाव चिह्न का इस्तेमाल नहीं किया, और न ही पंढरपुर में किसानों के आंदोलन के दौरान ऐसा किया। ये बड़े मुद्दे थे और हम इनमें राजनीति को नहीं लाना चाहते थे। अगर ऐसे आंदोलनों में पार्टी के चुनाव चिह्न का इस्तेमाल किया जाये, तो लोगों को लग सकता है कि यह पूरी तरह से एक राजनीतिक आंदोलन है। इसीलिए हम नागपुर जाने वाले ट्रैक्टर मार्च में भी पार्टी के चुनाव चिह्न का इस्तेमाल नहीं करेंगे।”
इस बीच राकांपा-एसपी के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि श्री रोहित पवार के नेतृत्व में नागपुर तक होने वाले ट्रैक्टर मार्च को लेकर पार्टी की ओर से कोई विरोध नहीं है। इस मार्च को लेकर पार्टी में मतभेद होने की खबरों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी नेताओं को इस ट्रैक्टर मार्च का समर्थन न करने का कोई निर्देश नहीं दिया गया है।
श्री शशिकांत ने कहा कि इससे पहले भी श्री रोहित पवार ने जहां कहीं भी विरोध प्रदर्शन किये हैं, वहां श्री शरद पवार खुद, उनकी बेटी सुप्रिया सुले और पार्टी के सभी प्रमुख नेता उनके साथ मजबूती से खड़े रहे हैं। यह शरद पवार की पार्टी है और कोई भी फैसला आपसी चर्चा के जरिए लिया जाता है , हालांकि मौजूदा ट्रैक्टर मार्च सूखे और टैंकरों के मुद्दे पर आधारित है, लेकिन अगर इसमें विदर्भ-मराठवाड़ा के अन्य मुद्दों को भी शामिल कर लिया जाये, तो इस आंदोलन की तीव्रता और बढ़ जायेगी।”
उन्होंने कहा, “अगर रोहित पवार श्री शरद पवार से बातचीत करके पार्टी के झंडे और चुनाव चिह्न के साथ मार्च निकालते हैं, तो पार्टी के सभी नेता इस आंदोलन में शामिल होंगे और उनके साथ खड़े होंगे। अगर पार्टी ट्रैक्टर मार्च निकालने और पार्टी के चुनाव चिह्न का इस्तेमाल करने की मंजूरी देती है और इस पर चर्चा करती है, तो कोई दिक्कत नहीं है; लेकिन बिना किसी चुनाव चिह्न के विरोध प्रदर्शन करने का फैसला पूरी तरह से उनका निजी फैसला है।”
