झाबुआ: झाबुआ जिले में इन दिनों नवरात्रि उत्सव की धूम मची हुई है। झाबुआ, मेघनगर, रायपुरिया, राणापुर, पेटलावद सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में गरबा उत्सव का उत्साह चरम पर पहुंचने लगा है। जैसे-जैसे नवरात्रि के दिन आगे बढ़ रहे हैं, वैसे-वैसे लोगों में गरबा खेलने के प्रति उत्साह और रुझान बढ़ता जा रहा है। गरबा खेलने वाले युवक-युवतियां, बच्चे और महिलाएं बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। वहीं, बाहर से आए कलाकारों द्वारा भी गरबा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी जा रही हैं, जिन्हें देखने के लिए देर रात तक बड़ी संख्या में लोग जुट रहे हैं।
झाबुआ जिले की पेटलावद तहसील के ग्राम रायपुरिया में झाबुआ चौराहे पर इंदौर से आए कलाकारों द्वारा महाकाली एवं शिव तांडव नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए। आयोजन स्थल पर आकर्षक विद्युत सजावट भी की गई है, जो उत्सव की रौनक बढ़ा रही है।
वहीं, मेघनगर के फुटतालाब में दस शहरों से आए कलाकार प्रतिदिन गरबा नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दे रहे हैं। इन प्रस्तुतियों को देखने के लिए जिलेभर से लोग देर रात तक फुटतालाब पहुंच रहे हैं। यहां भी आकर्षक विद्युत सजावट की गई है, जिससे पूरा आयोजन स्थल रोशनी से जगमगा रहा है।
इसी तरह झाबुआ शहर में राजगढ़ नाका, कालिका माता मंदिर, विवेकानंद नगर, राजवाड़ा चौक और अंबे माता मंदिर सहित विभिन्न स्थानों पर आकर्षक विद्युत सजावट की गई है। इन स्थानों पर देर रात तक युवक-युवतियां गरबा खेलकर नवरात्रि उत्सव का आनंद ले रहे हैं।
जिलेभर में नवरात्रि और गरबा उत्सव को लेकर उत्साह का माहौल है। बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में उत्सव का आनंद ले सकें।
