महादेव की नगरी में बनेगा बैजनाथ लोक धाम, कुरावर में कॉलेज, लाडली बहनों के खातों में 1500 ट्रांसफर 

नरसिंहगढ़।प्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव के गुरुवार को नरसिंहगढ़ आगमन पर कार्यकर्ताओं, आमजन ने ऐतिहासिक स्वागत किया. यहां आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने लाडली बहना योजना के तहत बहनों के खातो में 1500 रुपये की राशि ट्रांसफर की. सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री द्वारा महादेव की नगरी नरसिंहगढ़ में बाबा बैजनाथ लोक धाम बनाने की घोषणा की जिसमें बाबा बैजनाथ मंदिर का जीर्णोद्वार किया जाकर चार प्रवेश द्वार के साथ व्यापक स्तर पर विकास निर्माण किया जाएगा. मुख्यमंत्री द्वारा कुराव में कॉलेेज खोलने सहित अन्य विकास निर्माण कार्यो किए जाने की घोषणा की .

मुख्यमंत्री श्री यादव ने कहा कि दीवाली के बाद से बहनों को प्रति माह 1500 रुपये मिलेंगे. वहीं वर्ष 2028 तक 3 हजार रुपये प्रति माह बहनो के खाते में आना शुरु होगा.

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार विकास के प्रति संकल्प लिए काम कर रही है. आज राजगढ़ जिला विकास में तेजी से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने ब्यावरा एवं नरसिंहगढ़ को मेट्रोपोलिन सिटी में जोड़े जाने की घोषणा की. मुख्यमंत्री द्वारा तलेन में पेयजल एवं सिंचाई हेतु कालीसिंध नदी को नर्मदा नदी से जोड़ा जाएगा.

स्वागत से अभिभूत हूं-मुख्यमंत्री

हेलीपेड से ही मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत शुरु हो गया. सरस्वती शिशु मंदिर से रोड शो करते हुए वह खुले वाहन में सवार हुए. समूचे मार्ग पर पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का कार्यकर्ताओं, जनमानस ने अपार उत्साह के साथ स्वागत किया. नरसिंहगढ़ में हुए अपने अपार स्वागत पर उन्होंने कहा कि इस स्वागत से वह काफी अभिभूत है. इस दौरान जिला प्रभारी मंत्री, सांसद रोडमल नागर, राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार, गौतम टेटवाल, विधायक मोहन शर्मा, राजगढ़ विधायक अमर सिंह यादव, खिलचीपुर विधायक हजारीलाल दांगी, जिला भाजपाध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर सहित जनप्रतिनिधि, हजारों की संख्या में जिले भर से आये कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

हर संकट टाल देता रेश्म का धागा

मुख्यमंत्री श्री यादव ने बहन और भाई के रिश्ते को दुनिया का सबसे ताकतवार रिश्ता बताते हुए कहा कि बहन के द्वारा भाई की कलाई पर बांधे जाने वाली राखी, रेश्म के धागे की शक्ति इतनी होती है कि उससे आने वाला बड़े से बड़ा संकट टल जाता है. बहन-भाई का रिश्ता दुनिया के सभी रिश्तों से बढक़र होता है. यह रेश्म का धागा बड़ी से बड़ी सत्ता से टकराने का साहस, हिम्मत देता है. बहन के द्वारा बांधी राखी, रेश्म का धागा हमेशा एक सुरक्षा कवच के रुप में आशीर्वाद की तरह हमारे साथ रहता है.

विधायक ने रखी मांगे

विधायक मोहन शर्मा द्वारा उज्जैन के महांकाल धाम की तरह बाबा बैजनाथ महादेव धाम का जीर्णोद्वार करते हुए यहां चार मुख्य प्रवेश द्वार सहित विकास निर्माण करने, कुरावर में कॉलेज खोलने की मांग सहित अन्य विकास निर्माण कार्य हेतु मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी. मुख्यमंत्री द्वारा इन मांगों को गंभीरता से लेते हुए बाबा बैजनाथ धाम के जीर्णोद्वार, कुरावर में कॉलेज खोलने सहित मांगों को पूर्ण करने हेतु मंच से घोषणा की.

राखी बंधवाकर उपहार दिए

सभा स्थल पर मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने बहनो से राखी बंधवाकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा बहनो को उपहार भेंट किए. सभा स्थल पर बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही. नरसिंहगढ़, आसपास ग्र्रामीण क्षेत्रों सहित जिले भर से कार्यकर्ता नरसिंहगढ़ पहुंचे.

झलकियां…

मुख्यमंत्री के रोड शो में आगे-आगे पारंपरिक दपड़े बज रहे थे जो कि आकर्षण का केन्द्र रहा.

नपा कार्यालय के सामने बालिकाओं ने सांस्कृति कार्यक्रम की प्रस्तुति दी.

अखाड़ो में बालिकाओं ने आत्मनिर्भरता का संदेश देते हुए करतब दिखाए.

रोड शो के दौरान स्थान-स्थान पर मंच, स्वागत द्वार, बेनर, पोस्टर लगे थे.

मुख्यमंत्री का स्वागत करने सडक़ के दोनों और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता, नागरिक खड़े हुए थेे.

विधायक मोहन शर्मा द्वारा मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए उन्हें त्रिशुल और हनुमान गढ़ी सरकार की तस्वीर भेंट की.

Next Post

दलित युवती के सामूहिक दुष्कर्म के चारों आरोपी गिरफ्तार 

Thu Aug 7 , 2025
सीधी। चुरहट थाना क्षेत्र के ग्राम बरिगवा के पास जंगल में एक दलित युवती के साथ हुये सामूहिक दुष्कर्म की वारदात में शामिल चारों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर आज न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया जहां से सभी को जिला जेल भेज दिया गया है। आरोपियों में कृष्ण […]

You May Like