इंदौर:पंढरीनाथ थाना क्षेत्र में हलीम खाने जा रहे एक मजदूर पर तीन बदमाशों ने हमला कर दिया. बदमाशों ने पहले उससे हाथापाई की और फिर चाकू मारकर घायल कर फरार हो गए. घायल को पहले जिला अस्पताल और बाद में एमवाय अस्पताल रेफर किया जहां उसका इलाज किया जा रहा है.चंदननगर के नाले पार रहने वाले राजा उर्फ साजिद उम्र 24 साल मजदूरी करने के बाद 5 जुलाई की रात करीब साढ़े आठ बजे बंबई बाजार, दरगाह चौराहा होते हुए उदापुरा की ओर हलीम खाने जा रहा था.
रास्ते में नफीस बेकरी वाली गली स्थित सार्वजनिक बाथरूम के पास वह पेशाब करने रुका. बाहर निकलते ही वहां खड़े तीन अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया और कॉलर पकड़ने की कोशिश की. साजिद ने विरोध किया तो तीनों उससे हाथापाई करने लगे. इसी दौरान एक बदमाश ने चाकू निकालकर उसकी पीठ पर दो वार कर दिए. घायल हालत में साजिद वहां से भागकर मुकेरीपुरा पहुंचा, जहां उसे उसका चचेरा भाई फिरोज मिला. इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया गया. पंढरीनाथ पुलिस ने अज्ञात तीन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.
