बैंकॉक, 06 अगस्त (वार्ता) थाईलैंड के विदेश मंत्रालय ने उन रिपोर्टों का कड़ा खंडन किया है जिनमें कहा गया है कि उनका देश कथित तौर पर कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेत और सीनेट के अध्यक्ष हुन सेन की हत्या की योजना बना रहा है।
थाई विदेश मंत्रालय ने कहा कि कंबोडिया ने विदेशी खुफिया सूत्रों का हवाला देते हुए यह निराधार आरोप लगाया है कि थाईलैंड, श्री हुन सेन और श्री हुन मानेत की हत्या की साजिश रच रहा है लेकिन थाईलैंड सरकार इस निराधार आरोप का स्पष्ट रूप से खंडन करती है।
उल्लेखनीय है कि थाईलैंड और कंबोडिया के बीच 24 जुलाई को सीमा को लेकर एक सशस्त्र टकराव में बदल गया था। सीमा क्षेत्र में झड़पों के बाद, दोनों पक्षों ने भारी गोलाबारी की और इसमें कई लोग हताहत भी हुए। इसके बाद गत सप्ताह कुआलालंपुर में मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम की मध्यस्थता में थाईलैंड और कंबोडिया के बीच हुई बैठक हुई और तत्काल युद्धविराम समझौते की घोषणा की गई।

