देवास: कांटाफोड़ के चंद्र केसर बांध के पास मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई। मजदूर बधावा से खेड़ा पर खेत में काम करने जा रहे थे। ट्रॉली में करीब 50 लोग सवार थे। हादसे में 40 से ज्यादा मजदूर घायल हुए, जिनमें महिलाएं अधिक हैं।घायलों को कांटाफोड़ अस्पताल लाया गया, लेकिन डॉक्टर नहीं मिलने से इलाज नहीं हो सका। सभी को निजी वाहनों से सतवास भेजा गया।
सतवास शासकीय अस्पताल के डॉक्टर राहुल बातडा ने बताया कि ट्रॉली में क्षमता से ज्यादा लोग थे, मोड़ पर पलट गई। कोई गंभीर नहीं है, 4-5 फ्रैक्चर मरीजों को देवास रेफर किया गया। कुल 40-42 घायलों का प्राथमिक इलाज किया गया।
डॉक्टर नहीं, कांग्रेस का धरना
कांटाफोड़ अस्पताल में लंबे समय से डॉक्टर नहीं हैं। इसको लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने बस स्टैंड पर धरना दिया। कहा – जब तक डॉक्टर की नियुक्ति नहीं होगी, धरना जारी रहेगा।
