इंदौर:कस्तूरबा स्कूल के पास खड़ी एक संदिग्ध एस्प्रेसो कार से पुलिस ने तीन किलो 141 ग्राम गांजा बरामद किया है. पुलिस ने मौके से दो शातिर आरोपियों राजा झलने और मनीष सोलंकी को गिरफ्तार कर लिया है. शाम को सराफा थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ पैदल भ्रमण पर थे. गश्त के दौरान कस्तूरबा स्कूल के सामने एक सफेद एसप्रेसो कार नम्बर एमपी 09 डब्ल्यू एल 1940 संदिग्ध हालात में खड़ी मिली.
कार में बैठे दो युवक घबराए हुए नजर आए और बार-बार आसपास देखने लगे. पूछताछ में उन्होंने खुद को राजा झलने उम्र 27 निवासी कुंदन नगर और मनीष सोलंकी उम्र 22 निवासी कुंदन नगर बताया. संदेह के आधार पर कार की तलाशी ली गई तो डिक्की से पीली बोरी में रखा तीन किलो 141 ग्राम गांजा बरामद हुआ. आरोपी गांजा की खेप लेकर शहर में खपत के लिए जा रहे थे, इस बात को स्वीकार किया है.
पहले से दर्ज हैं कई प्रकरण
दोनों आरोपियों पर शहर के अलग-अलग थानों में पहले से कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं. पूछताछ के दौरान इन्होंने गांजा की सप्लाई चेन के बारे में अहम जानकारियां दी हैं, जिनकी पड़ताल के लिए विशेष टीम गठित कर पूछताछ की जा रही है. सराफा पुलिस ने आरोपियों के एनडीपीएस के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच कर रही है.
