भोपाल: राजधानी भोपाल में साइबर ठगी का गंभीर मामला सामने आया है, जहां ठगों ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर एक 75 वर्षीय सेवानिवृत्त व्यक्ति से 37 लाख 60 हजार रुपये ठग लिए।पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना अरेरा कॉलोनी स्थित ई-5 क्षेत्र की है, जहां अविनाश कक्कड़ अपनी पत्नी शशि कक्कड़ के साथ रहते हैं। 30 अप्रैल की रात उन्हें व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल आया, जिसमें आरोपी पुलिस वर्दी में नजर आए और खुद को मुंबई का सीबीआई अधिकारी बताया।
आरोपियों ने फेडरल बैंक और इंडसइंड बैंक खातों में संदिग्ध लेन-देन का हवाला देते हुए गिरफ्तारी की धमकी दी और जांच पूरी होने तक पूरी राशि एक तथाकथित सुरक्षित खाते में ट्रांसफर करने को कहा। लगातार दबाव और डर के चलते दंपती ने अलग-अलग खातों में कुल 37.60 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इस दौरान आरोपी वीडियो कॉल के जरिए उन पर निगरानी बनाए रहे, ताकि वे किसी से संपर्क न कर सकें।
ठगों ने दंपती पर 15-15 लाख रुपये की दो एफडी तुड़वाने का भी दबाव बनाया, लेकिन बैंक अधिकारियों ने समय पूर्व एफडी तोड़ने से इनकार कर दिया, जिससे अतिरिक्त नुकसान टल गया। इसी बीच शशि कक्कड़ के गिरने से उनके कूल्हे की हड्डी टूट गई। घटना के बाद जब बेटी और दामाद घर पहुंचे, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ।
सूचना मिलने पर हबीबगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर विशेषज्ञों की मदद से लेन-देन की पड़ताल की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
