देवास में नशे में धुत बदमाशों का तांडव, 25 से अधिक वाहनों के कांच फोड़े

देवास:शहर में मंगलवार देर रात उपद्रवियों ने आतंक मचा दिया। त्रिलोक नगर, निमाड़नगर, गोपाल नगर और ईटावा क्षेत्र में करीब 10 बजे के बाद 4 से 5 युवकों ने शराब के नशे में जमकर उत्पात मचाया। इन शरारती तत्वों ने राह चलते लोगों से मारपीट की और घरों के बाहर खड़े दोपहिया व चारपहिया वाहनों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। उनकी इस करतूत से मोहल्ले के लोगों में दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाश दो बाइकों पर सवार होकर विभिन्न कॉलोनियों में पहुंचे और अचानक ही गाड़ियों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। त्रिलोक नगर में एक बालक से बाइक छीन ली गई, हालांकि बाद में उसे वहीं छोड़ दिया गया। इसी दौरान एक बच्ची जो गाड़ी में बैठी थी, वह भी उनकी मारपीट का शिकार हुई और लाठी से चोटिल हो गई।

घटना की सूचना पर पुलिस करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उपद्रवी भाग चुके थे। स्थानीय रहवासियों ने रात में ही बड़ी संख्या में सिविल लाइन थाने पहुंचकर आक्रोश जताया और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।थाना प्रभारी के अनुसार, फरियादी गौतम मालवीय की शिकायत पर पुलिस ने मनोज उर्फ गोलू, प्रेम, गौरी, शुभम रघुवंशी, शुभम सूर्यवंशी और बबलू चावल के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने सभी 6 संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ जारी है।

उक्त युवकों पर वाहनों में तोड़फोड़, मारपीट, लूटपाट, जान से मारने की धमकी तथा अवैध वसूली जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। प्रारंभिक जांच में सभी आरोपियों के नशे में होने की पुष्टि हुई है। पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Next Post

चीन के गुआंगझो में भूस्खलन में सात लोग लापता

Wed Aug 6 , 2025
गुआंगझो, 6 अगस्त (वार्ता) दक्षिणी चीन के गुआंगझो प्रांत की राजधानी गुआंगझो में बुधवार सुबह बारिश के बाद हुए भूस्खलन में सात लोग लापता हो गए। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे हुए इस भूस्खलन में बेयून जिले के दायुआन गांव में कईं मकान ध्वस्त हो गये […]

You May Like