जबलपुर: ननि बैठक में शहर के व्यस्थित विकास के लिए सिटी डेवलपमेंट प्लानर नियुक्त करने की मांग की गई है। वहीँ विपक्ष ने कठौंदा प्लांट चलाने के लिए पी.पी.पी. मोड पर दी गई जमीन, गिरवी और बेचने का आरोप लगाया। जिस पर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि विपक्ष के पार्षद भ्रमक अफवाह न फैलाएं क्योंकि प्लांट चलाने के लिए पी.पी.पी. मोड पर जमीन दी गई है। वह जमीन न गिरवी रखी गई है और न बेची गई है। महापौर ने यह भी स्पष्ट कर कहा कि कोई भी निगम की जमीन को न बेच सकता है और न गिरवी रख सकता है।
सिटी डेवलपमेंट प्लानर हो नियुक्त
पार्षद अयोध्या तिवारी ने कहा कि निर्वाचित सदस्यों को संविधान ने शहर नियोजन का अधिकार प्रदान किया लेकिन यह कार्य भोपाल में बैठे टीएनसीपी के अधिकारी कर रहे है, शहर के व्यस्थित विकास के लिए सिटी डेवलपमेंट प्लानर की नियुक्ति की भी मांग की।
जल संकट में आई कमी
महापौर ने एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि शहर में इस वर्ष जल संकट में कमी आई है और इस कमी को और दूर करने के लिए टैंकर शाखा के बेड़े में 10 नए ट्रक माउंटेड 4 हजार लीटर क्षमता वाले टैंक शामिल हुए हैं। उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था से शहर में जल संकट की स्थिति भी लगभग समाप्त होगी।
