सतना:जमोड़ी ग्राम के पास टमस नदी में मिले अज्ञात शव की पहचान देर रात डीपीएस चौराहा सोनौरा निवासी अनुराग गौतम के रूप में हो गई. हलांकि अनुराग के अचानक लापता होने की शिकायत कोलगवां थाने में एक दिन पहले यानि मंगलवार की शाम को दर्ज कराई गई थी.मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने बुधवार की रात एक विज्ञप्ति जारी कर नदी में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की जानकारी सार्वजनिक की थी. जिसमें बताया गया था कि ये नदी से जिस युवक की लाश बरामद की गई है वह 5 फिट आठ इंच लम्बा, रंग गोरा चहरा गोल, बाल छोटे उम्र करीब 40 वर्ष बताई गई है साथ में ये भी कहा गया था कि युवक ने हाफ पैंट हाफ काला टी शर्ट और हाथ में कलावा बांध रखा है.
गौरतलब है कि इसी थाने में एक दिन पहले मंगलवार को जो गुम इंसान दर्ज की गई थी उसमें भी लगभग इसी प्रकार की परिस्थितियों का जिक्र किया गया था. इसके बावजूद पुलिस ने लाश मिलने के बाद शव को शिनाख्त कराने की जगह अज्ञात मान कर मामले की जांच शुरू की. दूसरी तरफ परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार 23 वर्षीय अनुराग स्थानीय डीपीएस चौराहा स्थित सोनौरा मोड़ के पास निवास करने वाले अरुणेन्द्र गौतम की पुत्र है.
जो सुबह करीब साढ़े 6 बजे घर से घूमने के लिए निकला था. लेकिन मंगलवार की सुबह से घूमने निकले अनुराग का जब शाम तक कोई पता नहीं चला तो छोटे भाई नितिन गौतम ने स्वयं थाने जाकर यह जानकारी दर्ज कराई. दर्ज गुम इंसान में युवक के मोबाइल नं. का भी जिक्र किया गया था. परिजनों का आरोप है कि जिन परिस्थिति में और जिस जगह से मृतक अनुराग का शव बरामद किया गया है वहां से उनकी जानकारी में उसका कोई संपर्क नहीं है और वह स्थल भी वर्तमान निवास से तकरीबन 4 किलोमीटर की दूरी पर है. मृतक कैसे व किन परिस्थितियों में नदी या उस स्थान तक पहुंचा इसको लेकर परिजन पशोपेश में हैं.
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है. बताया गया है कि मृतक का अंतिम संस्कार भी हो गया है इस बीच मोबाइल फोन को लेकर परिजनों का कहना है कि बुधवार की दोपहर तक मोबाइल में बराबर घंटी जा रही थी. इसके बाद अचानक काल डायवर्ट की सूचना मिलने लगी. मृतक के एक रिश्तेदार ने यह भी बताया कि गुरुवार को भी फोन पर घंटी गई है लेकिन दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं मिल रहा है. परिजन इस पूरे मामले की पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है.
