सतना : मैहर जिले के अमदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत घुनवारा स्थित टोल प्लाजा के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर यात्री बस पलटने से डेढ़ दर्जन लोग घायल हो गए. सभी घायलों को उपचार के लिए पहले अमदरा फिर मैहर स्थित सिविल अस्पताल ले जाया गया. घायल यात्रियों का उपचार जारी है व उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवराज ट्रवेल्स की बस क्र. एमपी 19 पी 7736 मैहर से कटनी की ओर जाने के लिए निकली. शुक्रवार की दोपहर यात्री बस राष्ट्रीय राजमार्ग क्र. 30 पर से गुजरते हुए जैसे ही खेरवासानी टोल प्लाजा के निकट पहुंची, वैसे ही अचानक अनियंत्रित हो गई.
इससे पहले कि सवार यात्री कुछ समझ पाते, देखते ही देखते बस अनियंत्रित होकर हाइवे के किनारे पलट गई. घटना होते ही बस में सवार यात्रियों के बीच चीख पुकार मच गई. घटना होती देख आस पास मौजूद लोग भागकर वहां पहुंचे और यात्रियों को बाहर निकालते हुए राहत कार्य शुरु किया. इसी कड़ी में घटना की सूचना मिलने पर एफआरवी स्टॉफ भी मौके पर पहुंच गया. आनन-फॅानन में सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमदरा ले जाया गया. जहां पर उनका उपचार शुरु हुआ. सीएचसी में डेढ़ दर्जन घायल यात्री पहुंचे. जिनमें से कुछ को मामूली चोट आने के कारण उपचार कर छुट्टी दे दी गई. लेकिन कुछ यात्रियों की चोट को देखते हुए उन्हें आगे के उपचार के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया. जहां पर उन्हें भर्ती कर उपचार किया जा रहा है. चिकित्सकों के अनुसार बस दुर्घटना में घायल यात्रियों को गंभीर चोटें नहीं आई हैं और सभी लोग खतरे से बाहर हैं.
तकनीकी गड़बड़ी या लापरवाही
अमदरा थाना प्रभारी टीकाकराम कुर्मी के अनुसार सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है. दुर्घटना के चलते राजमार्ग कुछ समय के लिए प्रभावित हो गया. लिहाजा फौरन ही पलटी हुई बस को मार्ग से हटाते हुए आवागमन सुचारु किया गया. वहीं दुर्घटना के पीछे के कारण की जांच की जा रही है. जांच के बाद ही यह मालुम हो सकेगा कि किसी तकनीकी गड़बड़ी की वजह से बस पलटी अथवा उसके पीछे चालक की लापरवाही थी.
