
अनूपपुर/जैतहरी। कर्नाटक के बेंगलुरु के मदापट्टना स्थित एक ग्रेनाइट खदान में हुए भीषण हादसे में अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र के पांच मजदूरों की मौत की सूचना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतकों की पहचान सिंघोरा, सेमरवार, चोलना सहित आसपास के गांवों के निवासी भुवनेश्वर सिंह गौंड, राजपाल सिंह (35), रामअवतार सिंह (31), राजेश प्रसाद चौधरी (28) सहित एक अन्य मजदूर के रूप में की जा रही है। प्रशासन के अनुसार शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
घटना के बाद जनपद पंचायत जैतहरी के अध्यक्ष राजीव सिंह ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) जैतहरी को ज्ञापन सौंपकर मध्यप्रदेश शासन एवं जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि कर्नाटक सरकार से समन्वय स्थापित कर सभी मृतकों के शवों को सम्मानपूर्वक उनके गृह ग्राम तक पहुंचाने की व्यवस्था कराई जाए तथा प्रत्येक मृतक के परिजनों को 25-25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। साथ ही मध्यप्रदेश शासन द्वारा अंतिम संस्कार की समुचित व्यवस्था कराने की भी मांग की गई है।
ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत जैतहरी तथा नगर निरीक्षक, थाना जैतहरी को भी भेजी गई है, ताकि आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित हो सके।
इस दौरान कदमसरा सरपंच दिवंशु सिंह, बिजौड़ी सरपंच जगत सिंह, बीड़ सरपंच धन सिंह, छाता सरपंच गजरूप सिंह, कांसा सरपंच एस.एन. सिंह, सेमरवार सरपंच चोखन सिंह तथा सिवनी के मिथुन सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए शासन से त्वरित राहत देने की मांग की।
इधर, जनपद अध्यक्ष राजीव सिंह ने युवा कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.वी. श्रीनिवासन से दूरभाष पर चर्चा कर पीड़ित परिवारों की हरसंभव सहायता का आग्रह किया। इस पर श्रीनिवासन ने मामले में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
क्षेत्रवासियों ने भी राज्य एवं केंद्र सरकार से मांग की है कि प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ इस हादसे की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए तथा पीड़ित परिवारों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराई जाए।
