विदिशा:लगभग 250 निजी विद्यालयों की हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्तर की मान्यता समाप्त किए जाने के विरोध में आज प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने गांधीवादी तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। एसोसिएशन ने लोक शिक्षण संचालनालय के इस निर्णय को तुगलकी फरमान करार देते हुए विदिशा में लोक शिक्षण की प्रतीकात्मक अर्थी निकाली। प्रदर्शन की शुरुआत प्रगति पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल टीलाखेड़ी से सुबह 11 बजे हुई।
जिलाध्यक्ष मानसिंह राजपूत, प्रदेश सचिव संजेश शर्मा ने कहा कि सत्र शुरू हुए चार महीने हो चुके हैं और दो मासिक परीक्षाएं भी हो गई हैं, ऐसे में मान्यता समाप्ति से विद्यार्थियों का भविष्य संकट में है। प्राइवेट स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम से पढ़ने वाले छात्रों को हिंदी माध्यम के शासकीय विद्यालयों में स्थानांतरित करना व्यवहारिक नहीं है।
उन्होंने मांग की कि जिन विद्यालयों ने मान्यता शुल्क जमा किया है, उन्हें उसी अनुपात में कम से कम पांच वर्षों की मान्यता प्रदान की जाए। जब तक यह मांग पूरी नहीं होती, तब तक विरोध जारी रहेगा।
