दतिया: कोटरा गांव में बाढ़ के बाद सियासी संघर्ष शुरू हो गया है। पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा और दतिया विधायक राजेंद्र भारती के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। पूर्व गृह मंत्री डॉ. मिश्रा ने कोटरा गांव पहुंचकर बचाव कार्यों की निगरानी कर अधिकारियों को राहत कार्यों के निर्देश दिए थे। दो दिन बाद गांव पहुंचे विधायक राजेंद्र भारती ने डॉ. मिश्रा पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि 2021 की बाढ़ में डॉ. मिश्रा हेलिकॉप्टर से आए थे और साढ़े 7 करोड़ खर्च हुए थे। अब ट्रैक्टर से आए हैं, देखना होगा कितने करोड़ का हिसाब बनेगा। भारती ने ग्रामीणों से पूछा कि उन्हें वह सुविधाएं मिली थीं या नहीं, जिनके लिए करोड़ों रुपए खर्च होने की बात कही गई थी। इसके तुरंत बाद दतिया नगरपालिका की पार्षद किरण टिलवानी ने फेसबुक पर वीडियो जारी कर विधायक भारती को जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि विधायक के पास 4 करोड़ की निधि है, वे बताएं कि कोटरा में कितने रुपए राहत में खर्च किए।
