
‘ट्रंप’ की ‘नई पॉलिसी’, ‘वीजा ओवरस्टे’ पर ‘कड़ी कार्रवाई’, ‘पायलट प्रोग्राम’ जल्द ‘शुरू’, क्या ‘भारत’ होगा ‘टारगेट’?
वॉशिंगटन, 05 अगस्त 2025: अमेरिका ने वीज़ा नियमों को और सख्त करते हुए एक नई नीति की घोषणा की है, जिसके तहत कुछ देशों के नागरिकों को पर्यटक और बिजनेस वीज़ा के लिए 15,000 डॉलर (लगभग 13 लाख रुपये) तक का बॉन्ड जमा करना पड़ सकता है। अमेरिकी विदेश विभाग द्वारा प्रस्तावित यह नियम उन देशों के नागरिकों पर लागू होगा, जहाँ वीज़ा की अवधि खत्म होने के बाद भी लोगों के रुकने की दर अधिक है। इस ‘पायलट प्रोग्राम’ का उद्देश्य वीज़ा ओवरस्टे को रोकना और यह सुनिश्चित करना है कि विदेशी नागरिक अपनी तयशुदा अवधि के भीतर ही अमेरिका से लौट जाएं।
यह नया नियम 20 अगस्त से शुरू होकर अगले 12 महीनों तक चलेगा। हालांकि, अभी तक उन देशों की सूची जारी नहीं की गई है, जिन पर यह नियम लागू होगा, लेकिन माना जा रहा है कि जिन देशों में वीज़ा ओवरस्टे की दर अधिक है, वे इस सूची में शामिल हो सकते हैं। बॉन्ड की यह राशि पूरी तरह से वापस कर दी जाएगी, बशर्ते यात्री अपनी तयशुदा अवधि के भीतर अमेरिका से लौट जाएं। अगर कोई यात्री निर्धारित अवधि से अधिक रुकता है, तो यह बॉन्ड जब्त कर लिया जाएगा। यह कदम ट्रंप प्रशासन की सख्त आव्रजन नीतियों का हिस्सा है, जिससे अमेरिका जाने वाले यात्रियों को अब और भी ज्यादा सतर्क रहना होगा।
