
इंदौर: नगर निगम एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत शहर में बड़े स्तर पर हरित क्षेत्र विकसित करने की तैयारी कर रहा है। उक्त अभियान को लेकर निगम आयुक्त ने आज दातूनी पहाड़ी (देव गुराड़िया) एवं गुलमर्ग परिसर में प्रस्तावित पौधारोपण स्थलों का जायजा लिया.निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने आज दातूनी पहाड़ी (देव गुराड़िया) पर पौधारोपण स्थल का निरीक्षण किया.
उक्त पहाड़ी पर नगर निगम एवं वन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से 83 हेक्टेयर से ज्यादा जमीन पर पौधारोपण किया जाएगा। इसके बाद आयुक्त ने गुलमर्ग परिसर स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना के पीछे करीब 18 एकड़ जमीन का भी निरीक्षण किया. उक्त स्थल पर भी बड़े स्तर पर पौधारोपण कर हरियाली विकसित करने की योजना है.
आयुक्त ने पौधारोपण से पहले जमीन का समतलीकरण, गड्ढों की खुदाई, सिंचाई व्यवस्था, सुरक्षा हेतु फेंसिंग तथा पौधों के लंबे समय तक संरक्षण की व्यवस्था करने के अधिकारियों को निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि उक्त दोनों स्थानों को शहर के महत्वपूर्ण हरित क्षेत्रों में विकसित किया जाएगा. इससे पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन तथा भू-क्षरण की रोकथाम में सहायता मिलेगी. निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त श्रृंगार श्रीवास्तव, कार्यपालन यंत्री शांतिलाल यादव सहित नगर निगम एवं उद्यान विभाग के अधिकारी उपस्थित थे.
