इंदौर: महाराष्ट्र में लगातार हो रही बारिश का असर रेल यातायात पर भी दिखाई देने लगा है. पुणे सेक्शन में लैंड स्लाइड के कारण रतलाम मंडल से होकर गुजरने वाली कुछ ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है. रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए इंदौर-दौंड सुपरफास्ट एक्सप्रेस सहित कुछ ट्रेनों को निरस्त किया है, जबकि दो ट्रेनों का मार्ग बदला गया है.
रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 22944 इंदौर-दौंड सुपरफास्ट एक्सप्रेस 25 से 27 जुलाई तक इंदौर से रवाना नहीं होगी. वहीं ट्रेन संख्या 22943 दौंड-इंदौर सुपरफास्ट एक्सप्रेस 25 से 28 जुलाई तक दौंड से निरस्त रहेगी. इसके अलावा ग्वालियर-दौंड और दौंड-ग्वालियर एक्सप्रेस के मार्ग में भी बदलाव किया गया है. 25 जुलाई को ग्वालियर से चलने वाली ट्रेन संख्या 22194 ग्वालियर-दौंड एक्सप्रेस अब सूरत, पालधी, जलगांव और मनमाड होते हुए दौंड पहुंचेगी. इसी तरह 26 जुलाई को दौंड से चलने वाली ट्रेन संख्या 22193 दौंड-ग्वालियर एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग दौंड, मनमाड, जलगांव, पालधी और सूरत होकर संचालित होगी.
भारी बारिश के कारण बदलाव
भारी बारिश और भूस्खलन के कारण यह बदलाव किया गया है. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. मौसम और ट्रैक की स्थिति के आधार पर आगे भी ट्रेनों के संचालन में बदलाव संभव है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि सफर शुरू करने से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें. इसके लिए रेलवे की वेबसाइट और रेलवन ऐप के माध्यम से अपडेट लिया जा सकता है.
