वर्दी में वॉर: न्याय या आत्मघात की गुहार, एसआई की एसपी के खिलाफ शिकायत से हिला पुलिस सिस्टम

भोपाल:राजधानी के सूखी सेवनियां थाने में पदस्थ उप निरीक्षक केसी यादव और भोपाल देहात के पुलिस अधीक्षक रामशरण प्रजापति के बीच विवाद अब विभागीय स्तर से निकलकर प्रशासनिक और मानवीय संवेदनाओं का मुद्दा बनता जा रहा है. एक ओर एसआई यादव ने अपने वरिष्ठ अधिकारी पर बदसलूकी, गाली-गलौज और मानसिक प्रताड़ना जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं, वहीं एसपी कार्यालय ने रिकॉर्ड के आधार पर एसआई के खिलाफ पहले से चल रही प्राथमिक जांच का हवाला दिया है। इससे पूरा प्रकरण आरोप बनाम जांच की स्थिति में पहुंच गया है.

जानकारी के अनुसार मामला आबकारी एक्ट से जुड़े एक प्रकरण की केस डायरी को लेकर शुरू हुआ. एसआई यादव का कहना है कि केस डायरी मांगने और लौटाने के दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया, जिससे वे मानसिक रूप से अत्यंत आहत हुए. उन्होंने अपनी शिकायत में यह भी उल्लेख किया कि परिस्थितियां इतनी तनावपूर्ण हो गई थीं कि उनके मन में आत्मघाती विचार तक आए, हालांकि पारिवारिक जिम्मेदारियों को देखते हुए उन्होंने ऐसा कदम नहीं उठाया और उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई.

दूसरी ओर एसपी कार्यालय द्वारा जारी सूचना में बताया गया है कि 22 सितंबर 2025 को एसआई के.सी. यादव के विरुद्ध एक अपराध में त्रुटि के संबंध में प्राथमिक जांच आदेशित की गई थी, जिसका राजपत्रित अधिकारी से प्रतिवेदन जनवरी में प्राप्त हुआ और फिलहाल विचाराधीन है. विभागीय सूत्रों के मुताबिक इसी जांच के दौरान की गई शिकायत ने पूरे विवाद को नया मोड़ दे दिया है.
इस घटनाक्रम ने पुलिस महकमे के भीतर कार्यसंस्कृति, वरिष्ठ-कनिष्ठ संबंधों और मानसिक दबाव जैसे मुद्दों को फिर चर्चा में ला दिया है. जहां एक ओर एसआई ने इसे व्यक्तिगत सम्मान और मानसिक उत्पीड़न का प्रश्न बताया है, वहीं वरिष्ठ अधिकारी की चुप्पी ने मामले को और संवेदनशील बना दिया है. अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि विभागीय जांच किस निष्कर्ष पर पहुंचती है और क्या इस विवाद से पुलिस प्रशासन की आंतरिक व्यवस्था में कोई सुधारात्मक कदम सामने आते हैं या नहीं

Next Post

आईजी रूचि वर्धन मिश्रा ने सीधी में पुलिस बल को कराया 'हार्टफुलनेस' ध्यान का अभ्यास

Tue Feb 3 , 2026
सीधी: मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय द्वारा प्रदेश भर में पुलिसकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य और कार्यकुशलता को बेहतर बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, आज पुलिस महानिरीक्षक (प्रशासन) पुलिस मुख्यालय भोपाल श्रीमती रूचि वर्धन मिश्रा जिला सीधी के प्रवास पर रहीं। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय […]

You May Like