
छतरपुर।बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर “महिला तस्कर” कहने वाले लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. रविकांत के खिलाफ छतरपुर जिले के बमीठा थाने में FIR दर्ज की गई है। यह शिकायत रविवार देर रात 12 बजे बागेश्वर धाम जन सेवा समिति के सदस्य धीरेंद्र कुमार गौर द्वारा कराई गई। इस बात की जानकारी पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने सोमवार दुपहर 1 बजे दी।
मामला तब सामने आया जब 29 जुलाई को लवकुशनगर क्षेत्र में बागेश्वर धाम की एम्बुलेंस को पुलिस ने रोका। उसमें 13 महिलाएं, दो सेवादार और चालक मौजूद थे। पुलिस पूछताछ में एक युवती ने आरोप लगाया कि उसे जबरन एम्बुलेंस में बैठाया गया और जान से मारने की धमकी दी गई।
इस घटना के बाद प्रोफेसर रविकांत ने सोशल मीडिया पर धीरेंद्र शास्त्री पर गंभीर आरोप लगाते हुए एक विवादास्पद पोस्ट डाली, जिसमें उन्होंने उन्हें “महिला तस्कर” बताया। इस पर धाम समिति ने कड़ा ऐतराज जताते हुए आईटी एक्ट और आपराधिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कराया।
धीरेंद्र शास्त्री बोले “सनातन के लिए आरोप सहेंगे, पीछे नहीं हटेंगे”
केस दर्ज होने के बाद रात करीब 3 बजे पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने वीडियो जारी किया। इसमें कहा, “हम हिंदुओं को एक करने का कार्य कर रहे हैं, और इसी कारण कुछ लोग साजिशें रच रहे हैं। अभी तो और भी आरोप लगेंगे, लेकिन हम अपने संकल्प से नहीं हटेंगे।” उन्होंने यह भी कहा कि उनकी आगामी पदयात्रा 7 से 16 नवंबर के बीच प्रस्तावित है और उसी को लेकर कुछ लोगों को “पेट में दर्द” हो रहा है।
