इंदौर: शहर की सड़कों पर शनिवार देर रात अचानक पुलिस का काफिला उतरा तो गुंडे, बदमाश और असामाजिक तत्व भी सकते में आ गए. आधी रात से सुबह तक चली इस ‘कॉम्बिंग गश्त’ में पुलिस ने 1101 संदिग्धों और बदमाशों को चेक किया, जिनमें से 533 के खिलाफ कार्रवाई की. पुलिस का यह सख्त रुख आगामी त्योहारों से पहले शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की बड़ी कवायद माना जा रहा है.
एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित सिंह ने बताया कि चारों जोन और यातायात विभाग के डीसीपी के साथ वरिष्ठ अधिकारियों व थाना प्रभारियों ने देर रात शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बदमाशों की निगरानी और धरपकड़ के लिए सरप्राइज चेकिंग अभियान चलाया. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने विभिन्न प्रकरणों में वांछित 277 से ज्यादा वारंट तामील किए, जिनमें 63 स्थायी, 81 गिरफ्तारी और 133 जमानती वारंट शामिल हैं. इसके अलावा 142 समन भी तामील किए. अभियान के दौरान 140 शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों पर 185 मोटर व्हीकल एक्ट की कार्रवाई की गई.
यातायात नियम तोड़ने वाले 4 अन्य वाहन चालकों पर भी जुर्माना लगा. सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों के 15 और नशे का सेवन करने वाले 1 आरोपी पर प्रकरणे दर्ज किया है. इस दौरान पुलिस ने 96 आदतन बदमाशों के खिलाफ बीएनएसएस की विभिन्न धाराओं में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की. चेकिंग के दौरान 209 गुंडे-बदमाश, 49 नकबजन, 25 लुटेरे, 65 चाकूबाज, 60 हिस्ट्रीशीटर, 121 निगरानीशुदा बदमाश और 33 जिलाबदर/रासुका के आरोपी पकड़ाए.
महिला अपराधों में शामिल 4 और आगजनी/तोड़फोड़ के 2 आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में आए. गिरफ्तार बदमाशों को दोबारा अपराध न करने की सख्त चेतावनी दी गई और मौके पर उनके डोजियर भरवाए है, वहीं कई फरार आरोपी भी पुलिस के हत्थे चढ़े, जिनके खिलाफ अब कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा है कि यह सख्ती सिर्फ त्योहारों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि गुंडों और असामाजिक तत्वों पर ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि शहर में शांति और सुरक्षा का माहौल कायम रहे.
ऑपरेशन मिडनाइट सर्ज के आंकड़े
शनिवार को चेकिंग: 1101 बदमाश/संदिग्ध पाए गए, जिनमें से 533 पर कार्रवाई की. वारंट तामील, स्थायी वारंट: 63, गिरफ्तारी वारंट: 81, जमानती वारंट: 133, समन: 142, यातायात और शराब संबंधी कार्रवाई, शराब पीकर वाहन चलाने वाले: 140, मोटर व्हीकल एक्ट के टोटल केस: 185 वहीं यातायात नियम तोड़ने वाले: 4, सार्वजनिक स्थान पर शराब पीना: 15 केस, नशे का सेवन: 1 केस बनाए गए, इसी तरह आदतन बदमाशों पर भी कार्रवाई की गई, जिनमें बीएनएसएस में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई: 96, गुंडे/बदमाश: 209, नकबजन: 49, लुटेरे: 25, चाकूबाज: 65, हिस्ट्रीशीटर: 60, निगरानीशुदा: 121, जिलाबदर/रासुका के आरोपी: 33, महिला अपराधी: 4, आगजनी व तोड़फोड़ के मामले में 2 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है.
