इंदौर:राऊ सर्किल क्षेत्र में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया. इंदौर इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी की बस नम्बर एमपी 09 एफ ए 3858 और कार नम्बर एमपी 04 वायपी 8714 आमने-सामने टकरा गईं. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस डिवाइडर पर चढ़कर दूसरी ओर जा गिरी और दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.
प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताय कि हादसे में बस में सवार कई छात्रों को हल्की चोटें आईं. वहीं कार में बैठे चार लोग एयरबैग खुलने की वजह से सुरक्षित बच गए. बताया गया कि कार सवार भोपाल निवासी हैं, जो जाम गेट से लौट रहे थे. हादसे के तुरंत बाद पुलिस और राहगीरों ने दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर ट्रैफिक सुचारू किया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
