भोपाल। सीआईएसएफ ने अपने बल सदस्यों के मानसिक स्वास्थ्य की बेहतरी के संदर्भ में ‘प्रोजेक्ट मन’ के रूप में पहल शुरू की है. ‘प्रोजेक्ट मन’ के तहत इकाई राजाभोज एयरपोर्ट भोपाल में माह मई, जुन और जुलाई 2025 के दौरान अब तक कुल 229 जवानों को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी सहायता उपलब्ध कर चुका है. इस पहल के जरिए परामर्श सेवाएं और जरूरत के अनुसार समय पर हस्तक्षेप करके पूरे बल का मनोबल मजबूत किया जा रहा है. यह मानसिक स्वास्थ्य पहल नवंबर 2024 में सीआईएसएफ और एबीईटी के बीच हुए समझौते के तहत शुरू की गई थी.
एबीईटी की टीम ने सीआईएसएफ के बल सदस्यों के भीतर मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता फैलाने, परामर्श देने, जरूरत पड़ने पर इलाज से जुडी सहायता देने और जवानों को मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में प्रशिक्षित करने का महत्वपूर्ण कार्य किया है. महत्वपूर्ण बात यह रही है कि इस पहल की बदौलत केऔसुब में आत्महत्या की दर राष्ट्रीय औसत से कम रही है, जोकि इस पहल की प्रभावशीलता को साफ दर्शाता है. यह पहल हमारी आंतरिक सहायता व्यवस्था को मजबूत बनाती है और सुनिश्चित करती है कि हमारे जवान भावनात्मक रूप से मजबूत, एकाग्र और हर स्थिति का सामना करने के लिए तैयार रहें। पिछले तीन वर्षों में, ‘प्रोजेक्ट मन’ ने देशभर की केऔसुब इकाईयों में 75,000 से अधिक कर्मियों को मनोवैज्ञानिक परीक्षण, परामर्श, सहकर्मी सहभागिता और हमेशा हेल्पलाइन जैसी सुविधाओं के माध्यम से सहायता प्रदान की है. इस पहल का सकारात्मक परिणाम बल सदस्यों के भीतर दिखाई दे रहा है.
