मॉस्को, 02 अगस्त (वार्ता) रूस के कामचटका प्रायद्वीप में 30 जुलाई को आए भीषण भूकंप के बाद पिछले 24 घंटों के दौरान क्षेत्र में भूकंप के 140 से अधिक झटके महसूस किये गए हैं।
आपात स्थिति से संबधित मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर कहा “क्षेत्र में पिछले 24 घंटों के दौरान 3.2 से 6.2 तीव्रता वाले 146 झटके महसूस किए गए। आबादी वाले क्षेत्रों में 2 से 5 तीव्रता वाले 20 से अधिक झटके महसूस किए गए।”
अधिकारियों ने बताया कि बेज़िमियानी, शिवेलुच, क्लुचेवस्कॉय और कारिंस्की ज्वालामुखी सक्रिय हो गये हैं। इसके अलावा कम्बलनी ज्वालामुखी पर भूकंपीय गतिविधि दर्ज की जा रही है जिसमेें विस्फोट हो सकता है।
गौरतलब है कि गत बुधवार को रूस के कामचटका तट पर 8.8 तीव्रता का भूकंप आया जो 1952 के बाद से इस क्षेत्र में आया सबसे शक्तिशाली भूकंप था।
सखालिन क्षेत्र के रूसी आपातकालीन मंत्रालय ने बताया कि प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार भूकंप के कारण किसी के हताहत होने या दूसरी तरह की किसी क्षति की कोई खबर नहीं है।

