बाढ़ : शिवपुरी-गुना में सेना बुलाई, 500 लोगों का रेस्क्यू, दतिया में सिंध नदी में बाढ़, 11 गांव खाली कराए

नवभारत न्यूज

ग्वालियर। ग्वालियर चंबल अंचल के सभी जिलों में लगातार बारिश से बाढ़ के हालात बने हुए हैं। दो जिलों में तो सेना को मोर्चा संभालना पड़ा है। सिंध नदी के उफान पर आने से शिवपुरी के कोलारस में कई गांव पानी से घिर गए हैं। हालात ये हैं कि लोगों को छतों पर टेंट बनाकर रहना पड़ रहा है। कई गांव पानी-पानी हो गए हैं। सेना के पहुंचने के बाद 500 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। शिवपुरी में कोलारस, बदरवास और रन्नौद क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात हैं।यहां सेना ने मोर्चा संभाल लिया है, हेलीकॉप्टर से निगरानी की जा रही है। दतिया में सिंध नदी में बाढ़ आने के बाद 11 गांव खाली कराए गए हैं।

ग्रामीणों के फंसे होने की सूचना मिलते ही सेना ने कोलारस में मौके पर पहुंचकर विभिन्न गांवों से 500 से अधिक लोगों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। जिला प्रशासन ने केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से बातचीत के बाद सेना को राहत एवं बचाव कार्यों में लगाया है। सिंध नदी में बढ़ते जलस्तर के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। वहीं, बुधवार सुबह अटल सागर मणिखेड़ा डैम के 10 गेट खोल दिए गए, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।

*सेना कर रही एयरलिफ्ट, नावों के जरिए लोगों को सुरक्षित निकाला*

मूसलाधार बारिश से कोलारस में हालात अधिक खराब है, जिससे निपटने के लिए सेना के जवान कोलारस पहुंचे हैं। साथ ही ग्वालियर एयरबेस से सेना का एक हेलीकॉप्टर भी कोलारस पहुंचा है। यह हेलीकॉप्टर इलाके की हवाई निगरानी कर रहा है और आवश्यकता पड़ने पर लोगों को एयरलिफ्ट भी कर रहे है। वहीं, सूत्रों का कहना है कि उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित एयरबेस से भी सेना का एक हेलीकॉप्टर कोलारस पहुंचा है।

*सिंधिया ने वर्चुअल बैठक में की राहत अभियान की समीक्षा*

बाढ़ की स्थिति को देखते हुए केंद्रीय मंत्री व क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शिवपुरी, गुना और अशोकनगर के कलेक्टरों के साथ वर्चुअल बैठक कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रभावित गांवों में सुरक्षा, भोजन, पेयजल, चिकित्सा सहायता के साथ-साथ ज़रूरत पड़ने पर नाव और हेलीकॉप्टर जैसी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।

*श्योपुर में जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे बंद, पुल टूटा*

श्योपुर को माधोपुर से जोडने वाले नेशनल हाईवे-552 पर रणथंभोर नेशनल पार्क क्षेत्र में पुल टूट गया जिससे रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है। श्योपुर से जयपुर, दिल्ली, टोंक, दोसा की ओर से जाने वाला ट्रैफिक प्रभावित हुआ है।

*अस्पताल में पानी भर जाने के कारण 12 मरीज फंसे*

श्योपुर में सीप नदी उफान पर है। यहां मानपुर में सरकारी अस्पताल में पानी भर जाने के कारण 12 मरीज फंस गए। एसडीईआरएफ की टीम ने सभी को निकालकर सुरक्षित जगह पर पहुंचाया।

*बस में सवार स्कूल से घर लौट रहे 30 बच्चे बाढ़ में फंसे*

शिवपुरी में कोलारस के पचावली गांव में बस में सवार होकर स्कूल से घर लौट रहे 30 बच्चे बाढ़ में फंस गए, जिसके बाद सभी को पचावली सरपंच के घर रुकवाया गया। बच्चे रात तक यहीं हैं और अपने घर लौटने का इंतजार कर रहे हैं। कोलारस के संगेश्वर गांव में लोग छत पर टेंट लगाकर रह रहे हैं।

Next Post

पाकिस्तान और ईरान की जेलों में कैद करीब 10 हजार अफगान नागरिक रिहा होकर स्वदेश लौटे

Wed Jul 30 , 2025
काबुल 30 जुलाई (वार्ता) पिछले 12 महीनों में पाकिस्तान और ईरान की जेलों में कैद 9951 अफगानी नागरिक रिहा होकर अपने देश लौट आए हैं। अफगानिस्तान के शरणार्थी और प्रत्यावर्तन मंत्रालय के योजना और नीति प्रमुख मौलवी महमूद-उल-हक़ अहदी ने बताया कि इसमें से 9541 नागरिक कानूनी दस्तावेजों के अभाव […]

You May Like