
भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में गुरुवार को भोपाल स्थित निर्वाचन आयोग कार्यालय पहुँचा और मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया में कथित गंभीर अनियमितताओं को लेकर एक ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल में विधायक आरिफ मसूद और आतिफ अकील, पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, मीडिया विभाग अध्यक्ष मुकेश नायक, प्रदेश सेवा दल अध्यक्ष अवनीश भार्गव, वरिष्ठ नेता जे.पी. धनोपिया, भोपाल शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीन सक्सेना, भोपाल ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनोखी पटेल, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सविता जकी, प्रवक्ता शेरयार खान, अभिनव बरोलीया, विक्रम चौधरी, राहुल राज सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल थे।
निर्वाचन आयोग के अधिकारियों से चर्चा करते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि मतदाता सूची में लगभग 11 लाख नए नाम जोड़े जाने और कांग्रेस समर्थक बताए जा रहे लाखों मतदाताओं के नाम हटाए जाने की खबरें अत्यंत चिंताजनक हैं। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध बताते हुए नागरिकों के मताधिकार को कमजोर करने का प्रयास करार दिया।
पटवारी ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग के नियमों में एक व्यक्ति द्वारा सीमित संख्या में आपत्तियाँ दर्ज करने का प्रावधान है, इसके बावजूद कई जिलों से ऐसे मामले सामने आए हैं जहाँ एक ही व्यक्ति ने 200 तक आपत्तियाँ दर्ज कराईं, जिससे प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े होते हैं।
उन्होंने भाजपा के बूथ स्तरीय एजेंटों पर कुछ बूथ लेवल अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर मतदाताओं से जबरन फॉर्म-7 भरवाने का भी आरोप लगाया। पटवारी ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई, उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच और निर्वाचन आयोग के नियमों के कड़ाई से पालन की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस हर नागरिक के मताधिकार की मजबूती से रक्षा करेगी।
