
सीहोर. युवकों को गोबर खिलाने, महिलाओं के कपड़े पहनाने और गंजा कर मारपीट करने वालों की आखिर पुलिस ने पहचान कर ही ली है. वीडियो के आधार पर पुलिस पहले पीडि़तों तक पहुंची और फिर आरोपियों की पहचान कर तीन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है.
बताया जाता है कि यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है. युवक गांव की महिला से मिलने आए थे. महिला के परिजनों ने उन्हें देख लिया था जिसके बाद परिजनों ने युवकों के साथ मारपीट की और अमानवीय कृत्य भी किया. एक दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें मानवीयता को शर्मसार करते हुए कुछ लोग दो युवकों के साथ मारपीट करते नजर आ रहे थे. मारपीट करने वालों ने युवकों को गोबर खिलाया और महिलाओं के कपड़े पहनाकर उनका वीडियो बनाया था. यही नहीं लोगों ने दोनों युवकों के बाल तक काट दिए थे. वीडियो दोराहा थाना क्षेत्र के गांव बुगलीवाला का होने की पुष्टि हुई थी। वीडियो के आधार पर पुलिस पीडि़त से मिली और पूरी घटना की जानकारी लेकर आरोपियों तक पहुंची. पुलिस ने गांव बुगलीवाला निवासी राजा उर्फ़ रज्जा पिता बने खां 35 साल, चंदा पिता बने खां, 25 साल अशरफ पिता पदम खान 55 साल निवासी गांव बुगलीवाला के रूप में आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ अलग-अलग धारा के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है. उल्लेखनीय है कि यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होना सामने आया है. बताया जाता है कि दोनों युवक गांव बुगलीवाला में एक महिला से मिलने आए थे. महिला के परिजनों ने उन्हें देख लिया था. जिसके बाद गांव के लोगों ने दोनों युवकों को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की थी. फिर उन्हें गोबर खाने मजबूर किया. महिलाओं के पकड़े पहनाए और सिर के बाल भी काटे थे. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू की है.
