
जबलपुर। बेलबाग थाना अंतर्गत लकड़गंज में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए घर में घुसकर न केवल ताले तोड़े, बल्कि कटर से अलमारी को काटकर उसमें रखे साढ़े चार लाख रुपये नगद और सोने-चांदी के कीमती जेवर लेकर रफूचक्कर हो गए।
जानकारी के अनुसार, लकड़गंज निवासी जावेद अली (33) बारदाने का व्यवसाय करते हैं, परिवार एक मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने गया था। इसके बाद जावेद की मां, पत्नी और बच्चे घर पर ताला लगाकर मदनमहल दरगाह चले गए थे। सुरक्षा के लिहाज से जावेद की पत्नी ने घर की चाबी पास ही स्थित मोबाइल दुकानदार मुबिन को सौंप दी थी। बाद में जावेद अली ने मुबिन से चाबी लेकर मेन गेट खोला, तो भीतर का नजारा देख दंग रह गया। कमरे की जंजीर और ताला टूटा हुआ था। भीतर जाकर देखा तो अलमारी का लॉकर कटा हुआ था। चोरों ने न केवल जावेद के कमरे बल्कि उनके बड़े भाई के कमरे को भी निशाना बनाया। जावेद के कमरे की अलमारी से सोने की नाक की लौंग, चांदी के कड़े, दो जोड़ी पायल और अन्य जेवरों सहित 4 लाख रुपये नगद गायब थे। वहीं बड़े भाई के कमरे की अलमारी का लॉकर काटकर चोरों ने वहां रखे 50 हजार रुपये पर भी हाथ साफ कर दिया। कुल मिलाकर 4 लाख 50 हजार रुपये नगद और लाखों के जेवर चोरी हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके।
