शिमला, (वार्ता) हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर में भीषण बारिश के कारण अचानक आयी बाढ़ से तीन लोगों की मौत हो गयी और एक लापता है।
यहां आज तड़के बादल फटने के कारण अचानक बाढ़ आ गयी, जिसके कारण तीन लोगों की मौत हो गयी। कुछ इलाकों में वाहन और घर जलमग्न हो गए। सबसे ज़्यादा प्रभावित इलाके जेल रोड, क्षेत्रीय अस्पताल क्षेत्र और सैनी मोहल्ला हुए हैं।
इस बीच, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने तीन लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि ज़िला अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा, “ज़िला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”
उन्होंने प्रभावित परिवारों को आश्वासन दिया कि राज्य सरकार इस संकट की घड़ी में उनके साथ खड़ी है और उन्हें समय पर राहत प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष 20 जून से 29 जुलाई तक मानसून के दौरान आपदाओं के कारण 170 लोगों की जान गयी है, जिनमें 94 मौतें वर्षाजनित और 76 मौतें सड़क दुर्घटनाओं के कारण हुयी हैं। वहीं, 278 लोग घायल हुए हैं और 36 लोग अभी भी लापता हैं।
अब तक, राज्य में भूस्खलन के 34 , बादल फटने की 26 और आकस्मिक बाढ़ की 43 घटनाएं सामने आयी है। इसके कारण 1,538 करोड़ रुपये का नुकसान आंका गया है।
