सावन के तीसरे सोमवार को महादेव का दूध-दही, शहद, शक्कर से अभिषेक, लगीं लंबी कतारें

ग्वालियर। सावन के तीसरे सोमवार को पसीने में भीगते हुए भक्त महादेव का अभिषेक करने में लगे रहे। शिव मंदिरों के बाहर भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों को भोलेनाथ का अभिषेक करने में परेशानी का सामना न करना पड़े इसको लेकर सेवादार तड़के से ही मंदिरों में व्यवस्थाएं संभाल रहे थे। शहर के सभी प्रमुख मंदिरों में पुलिस मुस्तैद थी। भक्तों ने भगवान शिव का दूध, दही, चंदन, शहद, शक्कर आदि से अभिषेक किया। कोटेश्वर मंदिर, अचलेश्वर महादेव मंदिर, गुप्तेश्वर, हजारेश्वर, चकलेश्वर, रुद्राक्ष वाले शंकर, भूतेश्वर, मंगलेश्वर, गिरगांव के महादेव मंदिर, मार्कण्डेश्वर मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ रही। व्रत रखकर महिलाएं दान-पुण्य कर परिवार की खुशहाली की कामना कर रही थीं।

सावन के तीसरे सोमवार को शहर में दूध, दही, शहद, बेलपत्र, धतूरा और फूलों की मांग बढ़ गई। मंदिरों के आसपास बड़ी संख्या में लोगों ने दुकानें लगाईं। स्थायी दुकानों के साथ फुटपाथ पर भी बेलपत्र, फूल, अकुआ का फूल, माला आदि बेचने वाले दुकानें सजाकर बैठे हुए थे। भक्त इनसे पूजा की सामग्री खरीदकर अपनी मनोकामनाएं मांग रहे थे। मंदिरों के आसपास दूध की थैली बेचने वालों की दुकानें भी सजी हुई थीं। अचलेश्वर मंदिर के पट खुलने के बाद सावन के तीसरे सोमवार को भक्तों ने अचलनाथ का अभिषेक किया। वहीं श्री गुप्तेश्वर महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक किया गया। शहर में भगवान शिव के सैकड़ों मंदिर है जहां पूजा अर्चना की जा रही है। भक्त मंदिर के आसपास बिल्व पत्र, धतूरा, अकुआ का फूल बेचने वालों की दुकाने से खरीदकर भगवान को अर्पित कर रहे थे।

Next Post

महाकाल बाबा की भव्य पालकी यात्रा मुरार में धूमधाम से निकली

Mon Jul 28 , 2025
ग्वालियर। गोपेश्वर महादेव भक्त मंडल समिति, घासमंडी मुरार द्वारा सावन के तृतीय सोमवार को बाबा महाकाल की पालकी शोभायात्रा गोपेश्वर महादेव मंदिर, घासमंडी से धूमधाम के साथ निकाली गई। बाबा की पालकी में शिवभक्त उनके भजनों पर झूमते हुए चल रहे थे। शहर की राहें भगवान भोले की भक्ति के […]

You May Like