कश्मीर विश्वविद्यालय अनुसंधान में राष्ट्रीय मानदंडों की बराबरी की हैः उमर

श्रीनगर, 27 जुलाई (वार्ता) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने रविवार को कश्मीर विश्वविद्यालय को एक प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान होने और इसके पूर्व छात्रों की उपलब्धियों के लिए सराहना की और कहा कि यह संस्थान देश के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों की श्रेणी में आता है।

श्री अब्दुल्ला कश्मीर विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित मेगा एलुमनाई मीट-2025 में उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।

इस कार्यक्रम को भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति बी आर गवई, केंद्रीय संसदीय एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और कश्मीर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. नीलोफर खान ने भी संबोधित किया।

जम्मू-कश्मीर उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अली मोहम्मद माग्रे ने गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत भाषण दिया।

इस भव्य कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित सर्वोच्च न्यायालय के कई न्यायाधीश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण पल्ली, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आज़ाद, सांसद मियां अल्ताफ अहमद और काफी संख्या में पूर्व छात्र भी उपस्थित थे।

श्री अब्दुल्ला ने शैक्षणिक संस्थान की सफलता के मूलभूत संकेतकों का उल्लेख करते हुए कहा, “किसी भी शैक्षणिक संस्थान का मूल्यांकन करने के दो मुख्य मानदंड होते हैं। पहला उसके शोध कार्य का दायरा और क्षमता, दूसरा, उसके पूर्व छात्रों की ठोस उपलब्धियां। इन दोनों मानदंडों के आधार पर कश्मीर विश्वविद्यालय देश के किसी भी विश्वविद्यालय से पीछे नहीं है।”

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के कई पूर्व छात्रों ने कानून, राजनीति, प्रशासन, चिकित्सा, सामाजिक कार्य, व्यवसाय और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान और मान्यता अर्जित की है।

पूर्व छात्रों से विश्वविद्यालय के साथ अपना जुड़ाव जारी रखने का आह्वान करते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा, “कश्मीर विश्वविद्यालय ने आपको बहुत कुछ दिया है। यदि आप कभी-कभार भी अपने प्रयासों और अनुभव के माध्यम से इस उपकार का बदला चुका सकें, तो इससे वर्तमान में यहां पढ़ रहे छात्रों के साथ-साथ भविष्य में प्रवेश पाने वाले छात्रों को भी बहुत लाभ होगा।”

उन्होंने पूर्व छात्रों से अगली पीढ़ी के लिए आदर्श और प्रेरक बनने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, “जिस तरह आपने जम्मू-कश्मीर और भारत को गौरव दिलाया है, उसी तरह इस विश्वविद्यालय के भावी छात्र भी इस विरासत को आगे बढ़ाएंगे।”

 

Next Post

तैराकी प्रतियोगिता में सुमर मैकिन्टोश ने महिला वर्ग और लुकास मार्टेंस ने पुरूष वर्ग का जीता खिताब

Mon Jul 28 , 2025
सिंगापुर, (वार्ता) विश्व एक्वेटिक्स चैंपियनशिप 2025 की तैराकी प्रतियोगिता में महिलाओं की 400 मीटर स्पर्धा के फाइनल में कनाडाई सुपरस्टार सुमर मैकिन्टोश ने लंबी दूरी की तैराकी की क्वीन केटी लेडेकी को हराकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं जर्मनी के ओलंपिक चैंपियन और विश्व रिकॉर्ड धारक लुकास मार्टेंस ने शानदार प्रदर्शन […]

You May Like