सतना: मैहर जिले के अमरपाटन सिविल अस्पताल में एक युवक चाकू लेकर पहुंचा तो अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि युवक एक मरीज का परिजन था। एंबुलेंस पहुंचने में देरी हुई थी तो वह ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर पर हमला करने पहुंचा था। अस्पताल के गार्डों ने समय रहते हालात को संभाल लिया।दरअसल, पूरा मामला शुक्रवार रात करीब 10 से 11 बजे का है।
जब अमरपाटन सिविल अस्पताल में आकस्मिक चिकित्सा ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर हिमांशु पांडे अस्पताल में मौजूद थे। सड़क हादसे में घायल दो युवक और एक युवती इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे थे। डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज कर तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया था।हालांकि एंबुलेंस के आने में देरी हो गयी। जिससे पन्ना जिले के गंज सलेहा निवासी विक्रम शर्मा पिता पंकज शर्मा गुस्से में आ गया। विक्रम ने अस्पताल में रखी एक बड़ी लोहे की कैंची उठाई और डॉक्टर पर हमला करने के इरादे से उनके चैंबर में घुस गया।
गार्ड के सूझबूझ से बच गए डॉक्टर
ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षा गार्ड अरुण सिंह और ललन सिंह बघेल ने सूझबूझ दिखाते हुए विक्रम को पकड़ लिया। झड़प के दौरान गार्ड अरुण सिंह के बाएं हाथ की एक उंगली में चोट भी लग गई। डॉक्टर हिमांशु पांडे ने बताया कि यदि गार्ड समय पर नहीं आते, तो यह हमला उनकी जान भी ले सकता था.
थाने में दर्ज कराई शिकायत
डॉक्टर आरोपी के खिलाफ मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट और जानलेवा हमले की धाराओं में मामला दर्ज कराने की मांग को लेकर थानें पहुचें और शिकायत दर्ज कराई। अमरपाटन थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी युवक घायल मरीजों के साथ अस्पताल से निकल गया था। उसकी गिरफ्तारी अभी नहीं हो सकी है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।
