
सिलवानी। नगर में इन दिनों पावर हाउस से अशोक विहार कॉलोनी तक तीसरे फीडर के लिए डाली जा रही बिजली लाइन के दौरान जगह-जगह सड़क के ठीक बीचों-बीच बिजली के पोल गाड़ दिए गए हैं। यह स्थिति आम लोगों की जान के लिए बड़ा खतरा बनती जा रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क के बीच लगाए गए इन पोलों के कारण वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही है। खासकर रात के समय पोल स्पष्ट दिखाई नहीं देते, जिससे दोपहिया वाहन चालकों, कार सवारों, स्कूल जाने वाले बच्चों और बुजुर्गों के साथ किसी भी समय हादसा हो सकता है।
काम के दौरान सुरक्षा मानकों की भी खुलेआम अनदेखी की जा रही है। बिना सेफ्टी बेल्ट और जरूरी सुरक्षा उपकरणों के मजदूर तार खींच रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार आपत्ति दर्ज कराने के बावजूद बिजली विभाग और संबंधित अधिकारी इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। न तो काम रोका गया और न ही सड़क के बीच लगे पोल हटाए गए। लोगों में इस बात को लेकर गुस्सा है कि क्या किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही प्रशासन जागेगा।
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इन पोलों को सड़क के किनारे सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट नहीं किया गया, तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
नागरिकों की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क के बीच लगाए गए सभी बिजली के पोल तत्काल हटाए जाएं, लाइन डालने का कार्य तकनीकी मानकों और सुरक्षा नियमों के अनुसार कराया जाए और इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई की जाए।
