कूनो की नैसर्गिकता को राष्ट्रपति ने सराहा, चीतों की देखरेख का लिया जायजा

श्योपुर। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू आज रविवार की शाम ग्वालियर से वायु सेना के विशेष हेलिकॉप्टर द्वारा श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क पहुंचीं। राष्ट्रपति ने यहाँ चीता पुनर्स्थापन परियोजना की समीक्षा की और बोत्सवाना से लाए गए चीतों के बाड़ों व उनकी देखरेख का जायजा लिया। इस अवसर पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल भी उपस्थित थे। राष्ट्रपति के इस ऐतिहासिक दौरे को लेकर चंबल क्षेत्र में उत्साह का वातावरण है।

राष्ट्रपति मुर्मू आज रविवार की रात्रि कूनो के पालपुर में रात्रि विश्राम कर रहीं हैं। उनकी सुरक्षा के लिए पार्क और आसपास के इलाकों में लगभग 1200 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू अपने दौरे के अगले दिन कल 22 जून को कूनो नेशनल पार्क में चीता सफारी करेंगें। इस दौरान वे ‘चीता मित्रों’, चीता मॉनिटरिंग टीम के सदस्यों और कूनो के स्थानीय गाइडों से भी बातचीत करेंगी। सुरक्षा और गोपनीयता के कारणों के चलते कल शनिवार से ही कूनो नेशनल पार्क में आम पर्यटकों की एंट्री पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। राष्ट्रपति के इस दौरे का उद्देश्य श्योपुर जिले में चल रहे ‘प्रोजेक्ट चीता’ की प्रगति की जमीनी हकीकत को समझना है। गौरतलब है कि कूनो के जंगलों में करीब 121 साल पहले भी तत्कालीन ग्वालियर रियासत द्वारा शेर लाने का प्रयास किया गया था, जिसकी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के बीच आज यह राष्ट्रीय उद्यान चीता प्रोजेक्ट के रूप में देश-दुनिया की नजरों में प्रतिष्ठित है।

*राष्ट्रपति का ग्वालियर आगमन, विमानतल पर हुआ आत्मीय स्वागत*

इससे पूर्व राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु का ग्वालियर आगमन पर विमानतल पर आत्मीय स्वागत हुआ। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु दोपहर में वायुसेना के विमान से वायुसेना के विमानतल महाराजपुरा पर पधारीं। उनके साथ प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल भी आए।

विमानतल पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल एवं मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने राष्ट्रपति को पुष्प-गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस मौके पर सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, ऊर्ज मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, सांसद भारत सिंह कुशवाह व महापौर शोभा सतीश सिकरवार ने भी पुष्प-गुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।

विमानतल पर अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव, डीजी होमगार्ड प्रज्ञा रिचा श्रीवास्तव, कलेक्टर रुचिका चौहान, पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह एवं वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु एवं राज्यपाल मंगुभाई पटेल कुछ देर रुकने के पश्चात हैलीकॉप्टर से श्योपुर जिले के कूनों के लिये रवाना हुए। विमानतल पर संभागीय आयुक्त मनोज खत्री, आईजी अरविंद कुमार सक्सेना, डीआईजी असित यादव, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय सहित वायुसेना के अधिकारी उपस्थित थे।

राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु 22 जून को प्रात: 10.40 बजे हैलीकॉप्टर से श्योपुर के कूनों से वायुमार्ग द्वारा ग्वालियर में वायुसेना के विमानतल महाराजपुरा आयेंगीं। कुछ देर रुकने के पश्चात वायुसेना के विमान द्वारा नई दिल्ली के लिये रवाना होंगीं।

Next Post

तहसीलदार उमेश तिवारी के नेतृत्व में लगातार दूसरे माह जिले में टॉप, कलेक्टर व एसडीएम ने दी बधाई

Sun Jun 21 , 2026
दमोह। मध्य प्रदेश की सीएम हेल्पलाइन में दमोह जिले की पटेरा तहसील ने फिर से टॉप किया है. जब से उमेश तिवारी की पदस्थापना तहसीलदार पटेरा के रूप में हुई है, तब से लगातार पटेरा तहसील सीएम हेल्पलाइन में मध्य प्रदेश में शानदार काम कर रही है। पिछले माह की […]

You May Like