सीधी: जिले में स्वास्थ्य विभाग के तहत आउटसोर्स आधार पर की गई नियुक्तियों में अनियमितताओं की शिकायतों पर कार्रवाई शुरू हो गई है। राज्यमंत्री कुटीर एवं ग्रामोद्योग तथा जिला प्रभारी मंत्री के निर्देश और जनप्रतिनिधियों की शिकायतों के आधार पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय द्वारा की गई नियुक्तियों की जांच के लिए अपर कलेक्टर ने जांच दल गठित किया है।
यह नियुक्तियां जिला अस्पताल, सिविल सर्जन कार्यालय, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों के लिए वर्ष 2024 में कंप्यूटर ऑपरेटर, चालक, भृत्य, मल्टी स्किल्ड ग्रुप डी वर्कर आदि पदों पर की गई थीं। आरोप है कि नियुक्तियों में मध्यप्रदेश भंडार क्रय नियम और सेवा उपार्जन नियम 2015 (संशोधित 2022) का पालन नहीं किया गया। इस विषय में जिन उम्मीदवारों या आमजन को आपत्ति है, वे 28 जुलाई से 3 अगस्त 2025 तक अपर कलेक्टर कार्यालय में उपस्थित होकर या ईमेल dmsidhi@nic.in पर अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
