
छतरपुर। जिले में मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। राहत आयुक्त, मध्यप्रदेश द्वारा जारी मौसम चेतावनी के अनुसार 7 सितंबर 2026 की सुबह 8:30 बजे तक जिले में कुछ स्थानों पर 64.5 से 115.5 मिलीमीटर तक भारी वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।
मौसम चेतावनी के अनुसार बारिश के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है। इसे देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील की है।
प्रशासन ने तेज बारिश, आंधी और गरज-चमक के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने तथा सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी है। आकाशीय बिजली के समय खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभों और अन्य असुरक्षित स्थानों से दूर रहने को कहा गया है। आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन को सूचना देने की अपील की गई है।
