लखीमपुर में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई बारातियों से भरी बस, सात झुलसे

लखीमपुर खीरी, 11 जून (वार्ता) उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में गुरुवार को बारातियों से भरी एक बस के हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से सात लोग झुलस गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना कस्बा खीरी के मोहल्ला रामदास क्षेत्र की है, जहां सड़क के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन कथित रूप से नीचे झूल रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रही बारातियों से भरी बस विद्युत तार की चपेट में आ गई, जिससे बस में करंट दौड़ गया। हादसे में बस में सवार सात बाराती झुलस गए, जिनमें एक महिला सहित तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए और विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। लोगों का आरोप था कि क्षेत्र में लंबे समय से बिजली के तार नीचे लटक रहे थे, जिसकी शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। अपर पुलिस अधीक्षक, सहायक पुलिस अधीक्षक सहित कई थानों की पुलिस फोर्स घटनास्थल पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।

प्रशासनिक अधिकारियों ने घायलों को हरसंभव चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। वहीं, विद्युत विभाग की ओर से भी घटना से संबंधित तथ्यों का संकलन किया जा रहा है।

 

 

Next Post

नागरिकों की क्षमता और उत्पादकता से होती है विकसित राष्ट्र की पहचान : रेखा गुप्ता

Thu Jun 11 , 2026
नयी दिल्ली, 11 जून (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को कहा कि विकसित राष्ट्र की पहचान केवल आर्थिक या तकनीकी विकास से नहीं, बल्कि उसके नागरिकों की क्षमता और उत्पादकता से होती है। श्रीमती गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित नीति आयोग की बैठक […]

You May Like