नयी दिल्ली, 27 जुलाई (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में बीते सप्ताह चावल और गेहूँ के औसत भाव टूट गये। गुड़ और चीनी में साप्ताहिक तेजी रही। वहीं, दालों और खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव रहा।
घरेलू थोक बाजारों में सप्ताह के दौरान चावल की औसत कीमत 20 रुपये घटकर सप्ताहांत पर 3,795.97 रुपये प्रति क्विंटल पर रही। गेहूँ भी छह रुपये टूटकर 2,828.56 रुपये प्रति क्विंटल के पर आ गया। आटा तीन रुपये सस्ता होकर 3,282.98 रुपये प्रति क्विंटल रह गया।
सरसों तेल के दाम में औसतन 380 रुपये की जबरदस्त साप्ताहिक तेजी देखी गयी। मूँगफली तेल की कीमत करीब 10 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ी। सप्ताह के दौरान सोय तेल भी 23 रुपये प्रति क्विंटल महँगा हुआ। अन्य खाद्य तेलों में नरमी रही। सूरजमुखी तेल 70 रुपये प्रति क्विंटल टूट गया। वनस्पति में करीब 13 रुपये प्रति क्विंटल और पाम ऑयल में 12 रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट रही।
बीते सप्ताह दाल-दलहनों के औसत दाम में भी उतार-चढ़ाव देखा गया। दलहन बाजार में चना दाल 36.44 रुपये और मसूर दाल में करीब छह रुपये की बढ़त दर्ज की गयी रही। वहीं, तुअर दाल में 73 रुपये प्रति क्विंटल की साप्ताहिक गिरावट दर्ज की गयी। उड़द दाल 33 रुपये और दाल मूँग करीब 13 रुपये प्रति क्विंटल टूट गयी।
गुड़-चीनी : बाजार में गुड़ के औसत भाव दो रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गये। चीनी भी चार रुपये प्रति क्विंटल महँगी हुई।
