इंडिगो पश्चिम एशिया लिए 31 मार्च तक के टिकट रद्द कराने पर नहीं लेगी शुल्क

नयी दिल्ली, 06 मार्च (वार्ता) निजी विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने पश्चिम एशिया में जारी संकट को देखते हुए 31 मार्च तक की यात्रा के टिकट रद्द कराने पर कोई शुल्क नहीं लेने की घोषणा की है।

एयरलाइंस ने शुक्रवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि वह पश्चिम एशिया और इस्तांबुल (तुर्की) की यात्रा के लिए 31 मार्च तक के टिकट पर रद्द कराने के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लगी। उसने यात्रियों को अपनी उड़ान की अद्यतन स्थिति की जानकारी के लिए उसकी वेबसाइट या कस्टमर केयर से संपर्क करने की सलाह दी है।

इसके अलावा इंडिगो पश्चिम एशिया में फंसे यात्रियों को लाने के लिए आज 17 विशेष उड़ानों का परिचालन कर रही है। ये उड़ानें पश्चिम एशिया के आठ शहरों मदीना, जेद्दा, मस्कट, अबू धाबी, शारजाह, दुबई, फुजैरा, और रस अल खैमा से आयेंगी।

निजी विमान सेवा कंपनी स्पाइसजेट भी आज 14 विशेष उड़ानों का परिचालन कर रही है। इनमें नौ उड़ानें फुजैरा से मुंबई के लिए, चार फुजैरा से दिल्ली के लिए और एक दुबई से पुणे के लिए उड़ान भरेगी।

एयरलाइंस ने बताया कि उसने पिछले तीन दिन में 25 विशेष उड़ानों का परिचालन किया है।

इस बीच तीन भारतीय विमान सेवा कंपनियों ने पश्चिम एशिया से सीमित संख्या में नियमित उड़ानें शुरू की हैं। एयर इंडिया ने सऊदी अरब के जेद्दा से दिल्ली और मुंबई के लिए तथा अकासा ने जेद्दा से मुंबई के लिए उड़ानें शुरू की हैं।

एयर इंडिया एक्सप्रेस दिल्ली, कोच्चि, कोझिकोड, मेंगलुरु, मुंबई और तिरुचिरापल्ली से मस्कट के लिए नियमित उड़ानों का परिचालन कर रही है। साथ ही उसने दुबई और रस अल खैमा से विशेष उड़ानों की घोषणा की है। एयरलाइंस ने बताया है कि वह 10 मार्च तक के टिकट रद्द कराने पर यात्रियों से कोई शुल्क नहीं लेगी। इसके अलावा यात्रा की तारीख में बदलाव पर भी कोई शुल्क नहीं लगेगा।

 

 

 

Next Post

दिल्ली से बड़े बे-आबरू होकर सक्सेना लद्दाख गये : आप

Fri Mar 6 , 2026
नयी दिल्ली, 06 मार्च (वार्ता) आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना को यहां से हटाकर लद्दाख भेजे जाने पर कटाक्ष करते हुए कहा कि श्री सक्सेना बड़े बे-आबरू होकर लद्दाख गये हैं। आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने शुक्रवार को यहां जारी एक […]

You May Like